साउथ अफ्रीका में खेली जा रही फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग SA20 के जारी सीजन में 20वां लीग मुकाबला एमआई केपटाउन और जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स की टीम के बीच खेला गया। इस मैच में मुंबई इंडियंस केपटाउन 36 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही। वहीं इस मुकाबले में एमआई केपटाउन की तरफ से खेल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकल्टन ने बल्ले के दम पर एक ऐसी उपलब्धि को हासिल किया जो इससे पहले SA20 में कोई भी बल्लेबाज हासिल करने में कामयाब नहीं हो सका था। रयान के बल्ले से इस मैच में 60 गेंदों में नाबाद 113 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली, जिसके दम पर उनकी टीम 20 ओवर्स में 234 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब हो सकी।
SA20 में 2 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने रयान
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में मुंबई इंडियंस टीम के स्क्वाड का हिस्सा रयान रिकल्टन SA20 में भी एमआई फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हैं। जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स के खिलाफ हुए मैच में उनके बल्ले से निकली 113 रनों की बेहतरीन पारी मुंबई इंडियंस के लिए काफी राहत भरी हो सकती है। रयान रिकल्टन अपने इस शतक के दम पर SA20 के इतिहास में पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जो 2 शतकीय पारी खेलने में कामयाब हो सके हैं। रयान ने इस मैच में अपनी 113 रनों की नाबाद पारी के दौरान कुल 8 चौके और 9 छक्के भी लगाए जिसमें उनके स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो वह 188.33 का देखने को मिला। रयान अभी SA20 के मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले नंबर पर काबिज हो गए हैं, जिसमें उन्होंने इस सीजन अब तक कुल 7 मैचों में 63.40 के औसत से 317 रन बनाए हैं।
रिकल्टन की पारी के बाद रबाडा ने गेंद से दिखाया कमाल
एमआई केपटाउन के लिए इस मैच में रयान ने जहां शतकीय पारी के दम पर उन्हें 200 के पार स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की तो वहीं गेंदबाजी में कगिसो रबाडा का कमाल देखने को मिला। रबाडा ने इस मैच में 2 विकेट हासिल किए तो वहीं जॉर्ज लिंडे भी 2 विकेट लेने में कामयाब रहे। इसके दम पर एमआई केपटाउन ने जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स को 20 ओवर्स में 198 के स्कोर तक सीमित कर दिया। एमआई केपटाउन की ये इस सीजन 7 मैचों के बाद दूसरी जीत थी, जिसके बाद वह प्वाइंट्स टेबल में अभी 10 अंकों के साथ 5वें नंबर पर हैं।
ये भी पढ़ें
मेग लैनिंग ने WPL रचा इतिहास, इस मामले में तोड़ दिया एलिस पेरी का बड़ा रिकॉर्ड
DC की विकेटकीपर ने विकेट के पीछे दिखाई गजब की फुर्ती, नहीं देखा होगा आपने ऐसा कैच, देखें VIDEO
Latest Cricket News