T20 World Cup: विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड खतरे में! पाकिस्तानी ओपनर इतिहास रचने से सिर्फ 100 रन दूर
T20 वर्ल्ड कप 2026 में विराट कोहली के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर खतरा मंडरा रहा है। पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान किंग कोहली का कीर्तिमान तोड़ने से सिर्फ 100 रन दूर हैं।
Sahibzada Farhan: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का 7 फरवरी को आगाज हुआ था और 18 फरवरी तक सुपर-8 की सभी 8 टीमें तय हो गईं। इस बीच विराट कोहली के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है। दरअसल, पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मैच में ऐसा धमाका किया, जिससे विराट कोहली के कीर्तिमान के टूटने की संभावना नजर आ रही है।
विराट कोहली के रिकॉर्ड पर खतरा
नामीबिया के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में फरहान ने शानदार शतक जड़कर न सिर्फ पाकिस्तान की सुपर-8 की उम्मीदें जिंदा रखीं, बल्कि एक बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर भी कदम बढ़ा दिए। नामीबिया के खिलाफ फरहान की विस्फोटक पारी की बदौलत पाकिस्तान ने 200 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। T20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब किसी पाकिस्तानी बल्लेबाज ने शतक लगाया हो। इससे पहले 2014 में अहमद शहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ 111 रन बनाए थे।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के चार मैचों में फरहान के अब 220 रन हो चुके हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। अब उन्हें T20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए सिर्फ 100 रनों की जरूरत है। यह रिकॉर्ड फिलहाल विराट कोहली के नाम है, जो उन्होंने T20 वर्ल्ड कप 2014 में बनाया था। उस वर्ल्ड कप में विराट के बल्ले से 6 मैचों में 319 रन निकले थे।
T20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- विराट कोहली – 319 रन (2014)
- तिलकरत्ने दिलशान – 317 रन (2009)
- बाबर आजम – 303 रन (2021)
- महेला जयवर्धने – 302 रन (2010)
- विराट कोहली – 296 रन (2022)
पाकिस्तान अब सुपर-8 में पहुंच चुका है, जहां फरहान को श्रीलंका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ कम से कम तीन और पारियां खेलने का मौका मिलेगा। ऐसे में उनके पास कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका होगा।
बाबर आजम के सामने खड़ी हुई बड़ी चुनौती
फरहान की जबरदस्त फॉर्म का असर टीम कॉम्बिनेशन पर भी दिख रहा है। उन्होंने ओपनर की जगह पक्की कर ली है, जिससे बाबर आजम को नंबर चार पर बल्लेबाजी करनी पड़ रही है। हालांकि बाबर शीर्ष क्रम में ज्यादा प्रभावी माने जाते हैं, लेकिन मिडिल ऑर्डर में वह कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं। नामीबिया के खिलाफ तो उन्हें बल्लेबाजी का मौका तक नहीं मिला। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या फरहान की फॉर्म पाकिस्तान की T20 टीम में बाबर की भूमिका पर बड़ा असर डाल सकती है। फिलहाल तो फरहान रिकॉर्ड की दहलीज पर खड़े हैं और क्रिकेट फैंस की नजरें उनकी अगली पारी पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तानी टीम में नहीं है सबकुछ सही, डगआउट में दिखी कोच हेसन और सलमान आगा के बीच बहस, देखें VIDEO
