टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की टीम ने ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मुकाबला नामीबिया के खिलाफ कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब के स्टेडियम में खेला। इस मैच को पाकिस्तानी टीम ने 102 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम करने के साथ सुपर-8 में अपनी जगह भी पक्की कर ली। वहीं इस मुकाबले पहले पाकिस्तानी टीम ने भारत के खिलाफ अपना पिछला मैच खेला था, जिसमें उन्हें 61 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद पाकिस्तानी टीम की काफी आलोचना भी देखने को मिल रही थी, जिसका असर उनके ड्रेसिंग रूम में भी नामीबिया के खिलाफ मैच के दौरान देखने को मिला। इसमें पाकिस्तान की टीम जब बल्लेबाजी कर रही थी तो उस समय उनके कप्तान सलमान आगा और कोच माइक हेसन के बीच डगआउट में बहस का वीडियो वायरल हो रहा है।
सलमान आगा को कुछ समझाते हुए नजर आए कोच हेसन
नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। इसमें पहला विकेट 40 के स्कोर पर गिरने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने साहिबजादा फरहान का बखूबी साथ देते हुए तेजी से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। सलमान आगा काफी तेजी के साथ अपने अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन 38 के स्कोर पर वह बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद जब वह डगआउट में बैठे थे तो काफी निराश नजर आए, जिसमें पाकिस्तानी हेड कोच माइक हेसन भी उनसे गुस्से में कुछ कहते हुए नजर आए। इस दौरान सलमान आगा ने अपने हाथ में एक पानी की बोतल लिए हुए थे, जिसे उन्होंने गुस्से में जमीन पर दे मारा। अब इसका वीडियो सामने आने के बाद यह खूब वायरल हो रहा है।
पाकिस्तान का अब सुपर-8 में होगा इन टीमों से सामना
पाकिस्तानी टीम ने नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज करने के साथ सुपर-8 में अपनी जगह को पक्का कर लिया है, जहां पर उनका सामना मेजबान श्रीलंका के अलावा इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम से होगा। इसमें पाकिस्तान की टीम सुपर-8 में अपना पहला मुकाबला 21 फरवरी को न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद उनका सामना 24 फरवरी को इंग्लैंड की टीम से मैच खेलेगी, जबकि 28 फरवरी को पाकिस्तानी टीम सुपर-8 में अपना तीसरा मैच श्रीलंका की टीम के खिलाफ खेलेगी।
ये भी पढ़ें
IND vs NED: अभिषेक शर्मा के लिए टोटका भी नहीं आया काम, डक पर आउट होते ही बना दिया शर्मनाक रिकॉर्ड
T20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में पहुंचते ही मेजबान देश को लगा बड़ा झटका, मैच विनर गेंदबाज हुआ बाहर