A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. संजू सैमसन ने डेविड वार्नर को पछाड़ा, अब एबी डिविलियर्स की बारी, इस साल ठोक दिए 21 छक्के

संजू सैमसन ने डेविड वार्नर को पछाड़ा, अब एबी डिविलियर्स की बारी, इस साल ठोक दिए 21 छक्के

संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए छह छक्के लगा दिए। इसके साथ ही उन्होंने डेविड वार्नर को पीछे कर दिया है। अब वे इस टूर्नामेंट के इति​हास में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबजों की लिस्ट में छठे नंबर पर पहुंच गए हैं।

sanju samson- India TV Hindi
Image Source : AP संजू सैमसन

संजू सैमसन इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी एक दमदार पारी खेली। हालांकि वे अपना शतक पूरा कर सकते थे, लेकिन ​टीमहित में उन्होंने इसे त्याग दिया। मैच के दौरान उन्होंने कुल मिलाकर छह छक्के ठोक दिए। इसके साथ ही संजू ने डेविड वार्नर को पीछे कर दिया है। कोई ​ताज्जुब की बात नहीं, अगर वे आने वाले कुछ मैचों में एबी डिविलियर्स को भी पीछे कर दें। 

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ संजू ने लगाए छह छक्के

आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स मैच में संजू सैमसन ने 52 बॉल पर 87 रन बना दिए। उन्होंने सात चौके और छह छक्के लगाए। वे आखिर तक आउट नहीं हुए और अपनी टीम को जीत दिलाकर नाबाद लौटे। इसके साथ ही अब सैमसन आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। 

क्रिस गेल ने लगाए हैं आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के, रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर

इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहस में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का कीर्तिमान क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 357 ​छक्के लगाए हैं। अब वे आईपीएल से भी रिटायर हो चुके हैं। रोहित शर्मा 317 छक्के लगाकर दूसरे नंबर पर हैं। क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के सबसे करीब रोहित ही हैं, लेकिन उन्हें पहले नंबर पर पहुंचने में अभी वक्त लगेगा। विराट कोहली 306 ​सिक्स लगाकर तीसरे नंबर पर हैं। एमएस धोनी ने अब तक 264 सिक्स लगाए हैं। इस साल धोनी ने एक भी मैच नहीं खेला है, नहीं तो वे इससे अधिक सिक्स लगा चुके होते। 251 छक्के लगाकर एबी डिविलियर्स नंबर 5 पर हैं। इस बीच संजू सैमसन अब नंबर 6 पर पहुंच गए हैं। 

Image Source : india tvआईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

संजू सैमसन ने डेविड वार्नर को किया पीछे

इस साल सीएसके के लिए आईपीएल खेलने वाले संजू सैमसन ने 240 सिक्स पूरे कर लिए हैं। इसी साल वे अब तक 21 सिक्स लगाने में कामयाब हो गए हैं। अगर ऐसा ही सिलसिला जारी रहा तो वे जल्द ही एबी डिविलियर्स को भी पीछे छोड़ देंगे। इसके लिए संजू को केवल 12 छक्के और चाहिए। सीएसके को इस सीजन अभी कम से कम चार मैच और खेलने हैं, इसमें वे इतने सिक्स लगा ही सकते हैं। अगर सीएसके टॉप 4 में पहुंच गई तो उनके लिए और भी ज्यादा चांस होंगे। 

केएल राहुल भी पूरे कर चुके हैं 232 छक्के

डेविड वार्नर अब सातवें नंबर पर चले गए हैं। उन्होंने 236 सिक्स लगाए हैं। दिल्ली के खिलाफ खेले गए मैच में ही संजू ने डेविड वार्नर को पछाड़ा है। उन्होंने इस मैच में छह छक्के लगाए। जल्द ही केएल राहुल भी डेविड वार्नर को पीछे कर सकते हैं। राहुल अब तक 232 सिक्स लगा चुके हैं। यानी पांच और छक्के लगाते ही राहुल वार्नर को पीछे कर देंगे। यानी राहुल और संजू के बीच भी जंग चल रही है। जो आने वाले वक्त में काफी दिलचस्प हो सकती है। 

यह भी पढ़ें 

VIDEO: नितीश राणा ये कैसे आउट हो गए, एक ही बॉल पर दो बार, पहली दफा हुआ ऐसा

ऑरेंज कैप की रेस में संजू सैमसन की धमाकेदार एंट्री, अचानक हुआ बड़ा उलटफेर

Latest Cricket News