A
Hindi News खेल क्रिकेट पाकिस्तान से आई बड़ी खबर, चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान ने किया संन्यास का ऐलान

पाकिस्तान से आई बड़ी खबर, चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान ने किया संन्यास का ऐलान

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जिताने वाले कप्तान सरफराज अहमद ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। सरफराज ने 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

Pakistan Cricket Team- India TV Hindi Image Source : AFP पाकिस्तान क्रिकेट टीम

पाकिस्तान क्रिकेट के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज और पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। करीब दो दशक तक पाकिस्तान क्रिकेट की सेवा करने वाले सरफराज के इस फैसले के साथ ही एक शानदार करियर का अंत हो गया। कराची में जन्मे सरफराज अहमद ने तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 54 टेस्ट, 117 ODI और 61 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। इस दौरान उनके बल्ले से कुल 6164 रन निकले, जिसमें 6 शतक और 35 अर्धशतक शामिल रहे। विकेटकीपिंग में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने स्टंप के पीछे 315 कैच लपके और 56 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया।

सरफराज अहमद ने पाकिस्तान की कप्तानी करते हुए तीनों फॉर्मेट में कुल 100 इंटरनेशनल मैचों में टीम का नेतृत्व किया। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान T20I रैंकिंग में नंबर-1 बना। उनके नेतृत्व में पाकिस्तान ने T20I में लगातार 11 सीरीज जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और 6 बार विपक्षी टीमों का क्लीन स्वीप किया।

2017 चैंपियंस ट्रॉफी की ऐतिहासिक जीत

सरफराज अहमद की कप्तानी में पाकिस्तान ने ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2017 का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इंग्लैंड के ओवल मैदान में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान ने टीम इंडिया को 180 रन से हराया था। इस जीत के साथ सरफराज पाकिस्तान के पहले कप्तान बने, जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी जीतने का बड़ा कारनामा किया। इसके अलावा वह पाकिस्तान के अब तक के इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने जूनियर और सीनियर दोनों स्तर पर ICC खिताब जीते। उन्होंने इससे पहले पाकिस्तान को ICC U19 वर्ल्ड कप 2006 भी जिताया था। सरफराज की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम फाइनल में टीम इंडिया को 38 रन से हराकर चैंपियन बनी थी।

कप्तानी में कई खिलाड़ियों को दिया मौका

सरफराज की कप्तानी में पाकिस्तान क्रिकेट को कई भविष्य के सितारे मिले। इनमें बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी, हसन अली, इमाम-उल-हक, फखर ज़मान, शादाब खान और फहीम अशरफ जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। सरफराज अहमद के नाम टेस्ट क्रिकेट में एक मैच में 10 कैच लेने का पाकिस्तान रिकॉर्ड भी है। उन्होंने यह उपलब्धि 2019 में जोहान्सबर्ग में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हासिल की थी। इसके अलावा वह पाकिस्तान के इकलौते विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं जिन्होंने लॉर्ड्स में ODI शतक लगाया। उन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था। सरफराज ने अपना पहला इंटरनेशनल मैच 2007 में ODI के रूप में खेला था, जबकि आखिरी बार 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया।

सरफराज ने जताया आभार

संन्यास की घोषणा करते हुए सरफराज अहमद ने कहा कि पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। उन्होंने कहा कि 2006 में U19 वर्ल्ड कप जीतने से लेकर 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी उठाने तक हर पल उनके लिए खास रहा। सरफराज ने अपने साथियों, कोच, परिवार और फैंस का समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की कप्तानी करना उनके लिए एक सपना था और वह हमेशा निडर क्रिकेट खेलने और टीम को एकजुट रखने की कोशिश करते रहे।

यह भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी को लेकर IPL से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर का हैरान करने वाला बयान, कहा- किस्मत के भरोसे करते हैं बैटिंग

रोहित शर्मा ने टीम इंडिया के लगातार ICC ट्रॉफी जीतने पर दिया बड़ा बयान, कहा- ये तो सिर्फ शुरुआत है

Latest Cricket News