Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने हाल के दिनों में अपने शानदार प्रदर्शन के बदौलत खूब सुर्खियां बटोरी हैं। उन्होंने पिछले आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने आईपीएल 2025 में सिर्फ 7 मैच खेलकर एक अलग पहचान बना ली थी। अपने पहले ही आईपीएल सीजन में उन्होंने शतक जड़कर अपनी काबिलियत को साबित किया था। वैभव ने आईपीएल 2025 में 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। इतना ही नहीं, वैभव ने साल 2026 में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी कमाल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रनों की दमदार पारी खेली थी।
वैभव सूर्यवंशी को रॉबिन उथप्पा ने चेताया
IPL के आगामी सीजन से पहले वैभव की तूफानी बल्लेबाजी को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने बड़ा बयान दिया है। उथप्पा ने वैभव की तारीफ करते हुए उन्हें शानदार खिलाड़ी जरूर बताया है, लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि इसी तकनीक से अगर खेलते रहे तो भविष्य में वैभव को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। आपको बता दें कि IPL 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने वैभव को रिटेन किया है और वह आगामी सीजन में एक बार फिर इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए दिखेंगे।
रॉबिन उथप्पा ने वैभव को लेकर क्या कहा?
रॉबिन उथप्पा ने जियोस्टार से बातचीत के दौरान कहा कि मैंने वैभव को काफी करीब से देखा है और वह एक शानदार खिलाड़ी हैं। लेकिन अगर आप उन्हें बल्लेबाजी करते हुए देखेंगे तो काफी कुछ उनकी किस्मत पर निर्भर करता है। उन्होंने आगे कहा क्योंकि वह किस्मत के भरोसे खेलते हैं, इसलिए टॉप लेवल के क्रिकेट में केवल किस्मत के सहारे ज्यादा लंबे समय तक टिक पाना मुश्किल है। उथ्थपा ने ये भी कहा कि सभी जानते हैं कि गेंदबाज आपको कहां गेंदबाजी करेंगे और आपकी कमजोरियां क्या हैं। इसलिए वैभव को इस सीजन काफी कुछ सीखने को मिलेगा। वह रन तो बनाएंगे, लेकिन पिछले साल की फॉर्म को बरकरार रखना मुश्किल होगा।
पिछले सीजन में वैभव ने बनाए थे 252 रन
वैभव सूर्यवंशी को पिछले आईपीएल सीजन में सभी मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला था। वह सिर्फ 7 मैच खेल पाए थे। लेकिन उनके हालिया फॉर्म को देखते हुए उम्मीद है कि वैभव को आईपीएल 2026 में सभी मैचों में खेलने का मौका मिलेगा। आईपीएल 2025 में वैभव संजू सैमसन की कप्तानी में खेले थे, लेकिन इस बार वो रियान पराग की कप्तानी में खेलते हुए नजर आएंगे। पिछले आईपीएल सीजन में वैभव के बल्ले से 252 रन आए थे।
यह भी पढ़ें