1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शादाब खान ने 1 विकेट रहते इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत, लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी

शादाब खान ने 1 विकेट रहते इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत, लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी

शादाब खान ने इंग्लैंड के खिलाफ लाहौर में 96 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाकर पाकिस्तान को एक विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। इस रोमांचक मुकाबले में कई रिकॉर्ड बने।

Shadab Khan - India TV Hindi
Image Source : AFP शादाब खान

क्रिकेट में कभी-कभी एक खिलाड़ी पूरे मैच की कहानी बदल देता है। लाहौर में शादाब खान ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया। पाकिस्तान की टीम हार की ओर बढ़ रही थी, लेकिन नंबर-8 पर बल्लेबाजी करने उतरे शादाब ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। उन्होंने 96 गेंदों में नाबाद 113 रन की पारी खेलकर पाकिस्तान को एक विकेट से रोमांचक जीत दिलाई और टीम को ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचा दिया। इस हार के साथ इंग्लैंड को लगातार तीसरे मैच में शिकस्त झेलनी पड़ी।

शादाब की पारी इसलिए भी खास रही, क्योंकि एक समय वह 28 गेंदों में 19 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद उन्होंने रफ्तार पकड़ी और लगभग हर ओवर में बाउंड्री लगाकर मुकाबले का रुख बदल दिया। पाकिस्तान ने आठ विकेट गिरने के बाद भी हार नहीं मानी और आखिरी दो साझेदारियों की बदौलत लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले में कई ऐसे रिकॉर्ड बने, जिन्होंने इसे ODI क्रिकेट के यादगार मैचों में शामिल कर दिया।

10वें विकेट की साझेदारी से बना नया रिकॉर्ड

पाकिस्तान ने आठवां विकेट गिरने के बाद 112 रन बनाए, जिसमें शादाब खान ने अकेले 100 रन का योगदान दिया। शादाब खान और हारिस रऊफ ने 10वें विकेट के लिए नाबाद 89 रन जोड़कर पाकिस्तान को जीत दिलाई।  इस मैच में 10वें विकेट के लिए दोनों टीमों की साझेदारियां भी चर्चा का विषय रहीं। इंग्लैंड ने अपनी पारी में दसवें विकेट के लिए 40 रन जोड़े, जबकि पाकिस्तान की ओर से शादाब और रऊफ ने नाबाद 89 रन की साझेदारी की। इस तरह दोनों टीमों के दसवें विकेट की साझेदारियों में कुल 129 रन बने, जो ODI क्रिकेट का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2009 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले में बना था, जब दसवें विकेट की साझेदारियों में कुल 116 रन जुड़े थे।

इंग्लैंड को लगातार दूसरे ODI में करीबी हार

इंग्लैंड को ODI क्रिकेट में लगातार दो मैचों में दो या उससे कम विकेट के अंतर से हार का सामना पहले सिर्फ दो बार करना पड़ा था। ऐसा 1996 और 2003 में हुआ था। इस बार इंग्लैंड को पहले श्रीलंका ने दो विकेट से हराया और फिर पाकिस्तान ने एक विकेट से मात दी। इस तरह लगातार दो ODI में बेहद करीबी हार झेलने वाली टीमों की सूची में इंग्लैंड भी शामिल हो गया। भारत भी 2014 एशिया कप में इसी तरह की स्थिति से गुजर चुका है। उसे पहले श्रीलंका के खिलाफ दो विकेट और फिर पाकिस्तान के खिलाफ एक विकेट से हार मिली थी। लाहौर में मिली यह जीत मेन्स ODI क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की पहली 1 विकेट से जीत है। ODI इतिहास में पाकिस्तान की यह एक विकेट से मिली नौवीं जीत रही। वहीं, इंग्लैंड को अब तक इस अंतर से 6 बार हार का सामना करना पड़ा है।

यह भी पढ़ें:

देवदत्त पडिक्कल का न्यूजीलैंड में धमाका, 128 गेंदों में छक्के से पूरा किया शतक, साई सुदर्शन सेंचुरी से चूके

WI के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं लिटन दास, चोट से उबरने के बावजूद नहीं मिली हरी झंडी

Latest Cricket News