1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WI के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं लिटन दास, चोट से उबरने के बावजूद नहीं मिली हरी झंडी

WI के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं लिटन दास, चोट से उबरने के बावजूद नहीं मिली हरी झंडी

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 26, 2026 06:53 am IST,  Updated : Oct 26, 2026 06:53 am IST

हिप इंजरी से उबर रहे बांग्लादेश के बल्लेबाज लिटन दास का वेस्टइंडीज के खिलाफ 28 अक्टूबर से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में खेलना अब भी तय नहीं है।

Litton Das- India TV Hindi
लिटन दास Image Source : AFP

बांग्लादेश के स्टार बल्लेबाज लिटन दास नेट्स पर भले ही बड़े शॉट लगाते नजर आ रहे हों, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में उनके खेलने पर अब भी संशय बना हुआ है। हिप इंजरी से उबर रहे लिटन ने रविवार को अभ्यास के दौरान सहजता से बल्लेबाजी की, मगर टीम मैनेजमेंट उन्हें मैच के लिए पूरी तरह फिट मानने को तैयार नहीं है। ऐसे में 28 अक्टूबर से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में उनकी उपलब्धता पर आखिरी फैसला फिटनेस और चोट की स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा।

बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। लिटन हाल ही में जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के साथ हुई ट्राई ODI सीरीज से भी चोट के कारण बाहर हो गए थे। उनके कूल्हे की चोट ने टीम की चिंता बढ़ा रखी है, क्योंकि बांग्लादेश के लिए इस सीरीज की शुरुआत में उनका उपलब्ध रहना काफी अहम माना जा रहा है। 25 अक्टूबर को बीसीबी अकादमी परिसर में अभ्यास के दौरान लिटन ने बिना किसी खास परेशानी के बल्लेबाजी की और कुछ बड़े शॉट भी लगाए। इससे उनके ठीक होने के संकेत जरूर मिले, लेकिन चयन समिति ने उनकी फिटनेस को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करने का फैसला किया है।

लिटन के खेलने की संभावना 50-50

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश की सिलेक्शन कमेटी के एक सदस्य ने कहा कि अभी उनकी स्थिति ऐसी है कि हम यह नहीं कह सकते कि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं। उन्होंने आगे कहा कि सच कहें तो उनके खेलने की संभावना 50-50 है। लेकिन हम आखिरी समय तक इंतजार करेंगे और उम्मीद करेंगे कि वह पहले टेस्ट में खेलने के लिए पर्याप्त रूप से फिट हो जाएं, क्योंकि यह मुकाबला हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

रिपोर्ट के मुताबिक, लिटन के कूल्हे के जोड़ में ग्लूटियल मांसपेशी के टेंडन में सूजन थी, जिसके कारण उन्हें ODI ट्राई सीरीज से हटना पड़ा था। अब सूजन कम हो गई है और दर्द में भी राहत मिली है। हालांकि, हाल के समय में उन्हें बार-बार चोट से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इसी वजह से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर लगातार काम कर रही है।

लगातार खेलने से मांसपेशियों की जकड़न 

लिटन की फिटनेस को लेकर चिंता सिर्फ चोट और दर्द तक सीमित नहीं है। लगातार क्रिकेट खेलने के कारण उनके शरीर के कुछ जोड़ों की गतिशीलता प्रभावित हुई है और मांसपेशियों की जकड़न भी बनी हुई है। इसके अलावा, चोट से प्रभावित हिस्सों में उनकी मांसपेशियों की ताकत अभी पूरी तरह वापस नहीं आई है। इन्हीं कारणों से मेडिकल टीम ने 24 अक्टूबर को होने वाला उनका फिटनेस टेस्ट भी नहीं कराया।

यह भी पढ़ें:

हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज को छोड़ा पीछे, वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बनी दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी

केपटाउन टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया को मिली गुड न्यूज, फिट होकर वापसी करने को तैयार स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।