हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में 15 महिला मजदूरों समेत 17 लोग घायल हो गए। सोहना-गुरुग्राम रोड पर एल्डेको सोसाइटी के पास एक तेज रफ्तार कार ने मजदूरों से भरे टेम्पो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क पर तीन बार पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टेम्पो में सवार थे कुल 17 लोग
पुलिस के मुताबिक, टेम्पो में सवार ज्यादातर लोग दिहाड़ी मजदूर हैं। इनमें 15 महिलाएं शामिल हैं। सभी रविवार सुबह सोहना-गुरुग्राम रोड स्थित सेंट्रल पार्क में काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एल्डेको सोसाइटी के पास तेज रफ्तार कार ने उनके टेम्पो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद टेम्पो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर तीन बार पलट गया। हादसे में टेम्पो में सवार 17 लोग घायल हो गए।
घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को टेम्पो से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे के दौरान स्थानीय लोग मौके पर आ गए। घायलों की सहायत में लोग जुट गए।
प्राथमिक इलाज के बाद गुरुग्राम में किया गया रेफर
पुलिस ने सभी घायलों को सोहना सिविल अस्पताल पहुंचाए जाने की जानकारी दी। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का भी उपचार किया गया।
कार चालक मौके से फरार, वाहन को किया जब्त
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय कार की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना के लिए कौन-सी परिस्थितियां जिम्मेदार थीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (पीटीआई के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें:
ट्रेन में खिलौने वाले हॉर्न बजाने पर हुआ विवाद, स्टेशन पर चाकू से गोदकर युवक की हत्या