भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने एक बार फिर टीम इंडिया के लिए जबरदस्त पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। शैफाली ने अपनी ही नई कप्तान स्मृति मंधाना का एक कीर्तिमान तोड़ दिया है, जो उन्होंने अब से करीब दो साल पहले बनाया था। इतना ही नहीं, उन्होंने साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट को भी पीछे छोड़ने में कामयाबी हासिल की है। उनकी इस पारी की मदद से भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे मुकाबले में हराकर सीरीज जीत ली है।
इस साल शैफाली वर्मा ने 9 बार खेली है 50 से अधिक रनों की पारी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच इस वक्त सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में शेफाली वर्मा ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने केवल 25 बॉल पर 55 रन ठोक दिए। इसमें छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। शैफाली वर्मा का ये इस साल नौवां 50 प्लस का स्कोर है। अब वे एक साल में सबसे ज्यादा बार पचास से अधिक रन की पारी खेलने वाली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले साल 2024 में स्मृति मंधाना ने आठ बार 50 से अधिक रनों की पारी खेलने में सफलता हासिल की थी। अब शैफाली मंधाना से आगे निकल चुकी हैं। उनके पास मौका है कि वे ये काम दस बार करें, उसके लिए उन्हें एक और अर्धशतक की जरूरत है।
इस साल सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं शैफाली वर्मा
इस बीच शैफाली ने साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट को भी पीछे कर दिया है। एक साल में महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज अभी तक लौरा वोल्वार्ड्ट थीं। उन्होंने इसी साल यानी 2026 में ही 824 रन बनाए थे, लेकिन अब शैफाली के इस साल 922 रन हो गए हैं। भारत की ही मंधाना इस साल अब तक महिला टी20 इंटरनेशनल में 821 रन बना चुकी हैं। यानी वे भी लौरा वोल्वार्ड्ट को पीछे कर सकती हैं।
भारत ने आठ विकेट से मैच जीतकर सीरीज भी अपने नाम की
इस सीरीज के दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाए थे। भारत ने केवल 8.2 ओवर में ही केवल एक विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। शैफाली वर्मा के 55 रनों के अलावा कप्तान मंधाना ने भी 25 बॉल पर 47 रन बनाए। सीरीज का पहला मैच भी टीम इंडिया ने जीता था और इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज भी अपने नाम कर ली है। इस साल भारत ने 26 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 17 में जीत दर्ज की है। जो एक साल में सबसे ज्यादा जीत हो गई हैं। इससे पहले भारत ने साल 2018 में 23 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 16 में जीत दर्ज की थी।
यह भी पढ़ें
सलमान अली आगा ने रचा इतिहास, नंबर-5 पर शतक जड़ते हुए कर दिया कमाल, मोहम्मद यूसुफ छूट गए पीछे
102 साल बाद साउथ अफ्रीका ने टेस्ट क्रिकेट में बनाया अनोखा रिकॉर्ड, ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI में भी अनुभव की भरमार
Latest Cricket News