पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा ने श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़कर न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। रावलपिंडी में खेले गए ODI ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में सलमान ने 107 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही वह पाकिस्तान के लिए वनडे क्रिकेट में नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मामले में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ को पीछे छोड़ दिया।
18 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में सलमान पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने 90 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनकी इस पारी की बदौलत पाकिस्तान ने 49.5 ओवर में 305 रन बनाए और बाद में 37 रन से मुकाबला जीत लिया। सलमान का ODI क्रिकेट में यह चौथा शतक था। खास बात यह है कि उनके चारों शतक नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए आए हैं। इससे पहले इस लिस्ट में मोहम्मद यूसुफ और सलमान तीन-तीन शतकों के साथ बराबरी पर थे। श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाते ही सलमान ने उन्हें पीछे छोड़ दिया।
मोहम्मद यूसुफ को छोड़ा पीछे
पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने 1998 से 2009 के बीच नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 114 ODI मैचों में तीन शतक लगाए थे। वहीं, सलमान ने इस क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 53 मैचों में चार शतक अपने नाम कर लिए हैं। नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए भी सलमान ने पाकिस्तान के लिए नया रिकॉर्ड बनाया है। वह इस स्थान पर तीन ODI शतक लगाने वाले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं। इससे पहले मोहम्मद यूसुफ ने इस क्रम पर 84 मैचों में दो शतक लगाए थे।
वर्ल्ड रिकॉर्ड के मामले में युवराज सिंह आगे
ODI क्रिकेट में नंबर-5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड इंग्लैंड के जोस बटलर और साउथ अफ्रीका के डेविड मिलर के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है। दोनों बल्लेबाजों ने आठ-आठ शतक लगाए हैं। भारत के महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह इस सूची में 7-7 शतकों के साथ मौजूद हैं। वहीं, ODI क्रिकेट में नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है। उन्होंने भारत के लिए नंबर-5 पर खेलते हुए सात शतक लगाए थे।
श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में सलमान ने हसन नवाज के साथ पांचवें विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। हसन ने 49 गेंदों पर 37 रन बनाए। इसके बाद सलमान ने अपनी पारी जारी रखते हुए पाकिस्तान को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया और टीम की जीत में निर्णायक योगदान दिया। सलमान को शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह भी पढ़ें:
बांग्लादेश को मिली नई कप्तान, नाहिदा अख्तर संभालेंगी T20 की कमान, शोभना को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी