1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. तेल अवीव से वियना जा रहे विमान में बम की धमकी से मचा हड़कंप, बुल्गारिया में इमरजेंसी लैंडिग

तेल अवीव से वियना जा रहे विमान में बम की धमकी से मचा हड़कंप, बुल्गारिया में इमरजेंसी लैंडिग

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 19, 2026 09:11 am IST,  Updated : Oct 19, 2026 10:15 am IST

तेल अवीव से वियना जा रहे विमान को बम की धमकी के बाद बुल्गारिया में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। बम की धमकी से हड़कंप मच गया। फिलहाल विमान की सुरक्षा जांच की जा रही है।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : AP

इजरायल के तेल अवीव से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना जा रहे विमान में बम की धमकी से हड़कंप मच गया। जिस वक्त यह धमकी मिली उस वक्त विमान हवा में था। बम की धमकी मिलते ही बुल्गारिया में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। फिलहाल विमान की जांच की जा रही है।

विमान में 51 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार 

फ्लाईदुबई के विमान की हाईजैकिंग की कोशिश के अभी एक महीने भी नहीं बीते हैं कि एक बार फिर आसमान में उड़ रहे विमान में बम की धमकी से हड़कंप मच गया। ऑस्ट्रियन एयरलाइंस का विमान तेव अवीव से वियना की उड़ान पर था। एयरबस A320 विमान में 51 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। उड़ान के दौरान जब यह विमान रोमानिया के आसपास था तभी विमान में बम होने की धमकी भरे कॉल से हड़कंप मच गया। सिक्योरिटी एजेंसियां अलर्ट हो गईं और आनन-फानन में विमान को बु्ल्गारिया की राजधानी सोफिया में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार सभी यात्रियों को उतरने के लिए कहा गया और विमान की सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।

इमरजेंसी सिग्नल भी भेज रहा था विमान

फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइट रडार 24 के आंकड़ों के अनुसार इस विमान ने रात करीब 9:10 बजे रोमानिया के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया था। इसके बाद विमान ने अपना रास्ता बदला और दक्षिण की ओर मुड़कर बुल्गारिया की तरफ लौट गया, जहां सोफिया में उसकी लैंडिंग हुई। एक अन्य फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म ADS-B Exchange के आंकड़ों के मुताबिक इसी समय विमान का ट्रांसपॉन्डर सामान्य आपात स्थिति के लिए इस्तेमाल होने वाला स्क्वॉक कोड 7700 प्रसारित कर रहा था।

बुल्गारिया की ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री का बयान

बुल्गारिया की ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री ने एक बयान में कहा कि रोमानिया के पास पहुंचने पर ऑस्ट्रियन एयरलाइंस के क्रू को बम की धमकी मिलने के बाद उन्होंने सोफ़िया में इमरजेंसी लैंडिंग करने का फ़ैसला किया। साथ ही, लैंडिंग के बाद यात्रियों को एयरक्राफ़्ट से निकाल लिया गया। ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री ने कहा कि बुल्गारिया की एयर फ़ोर्स ने तय नियमों के तहत एयरलाइनर को एस्कॉर्ट करने के लिए एक MiG-29 फ़ाइटर जेट भेजा था।

बता दें कि इससे पहले अक्टूबर के पहले सप्ताह में फ्लाईदुबई की फ्लाइट को हाईजैक करने और क्रैश कराने की एक बड़ी साजिश रची गई थी। ओमानी को-पायलट हमान अल-हम्मामी ने विमान के पायलट स्मित मच्छार को मारकर फ्लाइट पर कंट्रोल करने के बाद उसे तेल अवीव की किसी गगन चुंबी इमारत से टकराने की योजना बनाई थी। उसने पायलट स्मित मच्छार पर हमला भी किया था लेकिन स्मित की बहादुरी के आगे उसका प्लान फेल हो गया। विमान में सवार कुछ यात्रियों तथा दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने कॉकपिट में पहुंचकर हालात को संभालने की कोशिश की। फिर इस विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बाद में विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

ये भी पढ़ें:

फ्लाईदुबई मामले में बड़ी खबर, मालदीव के दो पालयट UAE में गिरफ्तार, अल-हम्मामी के संपर्क में थे

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।