1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सलमान आगा के शतक से जीता पाकिस्तान, ट्राई सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका को 37 रनों से दी मात

सलमान आगा के शतक से जीता पाकिस्तान, ट्राई सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका को 37 रनों से दी मात

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 19, 2026 08:56 am IST,  Updated : Oct 19, 2026 08:56 am IST

पाकिस्तान ने ODI ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 37 रन से हराकर जीत के साथ शुरुआत की। रावलपिंडी में खेले गए मैच में सलमान अली आगा ने 90 गेंदों पर 107 रन की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत पाकिस्तान ने 49.5 ओवर में 305 रन बनाए।

PAK vs SL- India TV Hindi
पाकिस्तान बनाम श्रीलंका Image Source : AFP

पाकिस्तान ने अपने घर में ODI ट्राई सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है। रावलपिंडी में खेले गए पहले मुकाबले में सलमान अली आगा के शानदार शतक और तेज गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रन से हरा दिया। सलमान ने मुश्किल परिस्थितियों में 107 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, जिसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजों ने श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस ट्राई सीरीज में पाकिस्तान और श्रीलंका के अलावा इंग्लैंड की टीम भी हिस्सा ले रही है।

पाकिस्तान का आगाज नहीं रहा कुछ खास

रविवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 305 रन पर ऑलआउट हो गई। सलमान अली आगा ने 90 गेंदों पर 107 रन बनाए। उनकी पारी में कई शानदार शॉट देखने को मिले। हालांकि, पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फखर जमान और सैम अयूब शुरुआती 6 ओवर के भीतर पवेलियन लौट गए। टीम का स्कोर 5.5 ओवर में दो विकेट पर 32 रन था।

इसके बाद बाबर आजम और साद बेग ने तीसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। बाबर ने 57 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि साद बेग ने 40 गेंदों पर 39 रन का योगदान दिया। दोनों के जल्दी आउट होने के बाद सलमान और हसन नवाज ने पांचवें विकेट के लिए 97 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हसन ने 37 रन बनाए। हालांकि, पाकिस्तान ने आखिरी के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए और 305 रन पर उसकी पारी सिमट गई। श्रीलंका की ओर से ईशान मलिंगा ने चार विकेट लिए, जबकि असिथा फर्नांडो ने तीन विकेट हासिल किए।

श्रीलंका की वापसी पर पाक गेंदबाजों ने फेरा पानी

306 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत भी लड़खड़ाती रही। टीम ने 19.3 ओवर में 91 रन तक चार विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में पवन रत्नायके और जनित लियानागे ने पांचवें विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी करके मुकाबले में रोमांच पैदा कर दिया।

रत्नायके ने 79 रन, जबकि लियानागे ने 60 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद श्रीलंका की उम्मीदें कमजोर पड़ गईं। दासुन शनाका ने 18 गेंदों पर 28 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन शाहीन अफरीदी ने उन्हें आउट कर पाकिस्तान की जीत का रास्ता साफ कर दिया। श्रीलंका की पूरी टीम 48.1 ओवर में 268 रन पर सिमट गई। शाहीन अफरीदी ने तीन विकेट लिए, जबकि नसीम शाह, हारिस रऊफ और फहीम अशरफ ने दो-दो विकेट हासिल किए। इस तरह पाकिस्तान ने 37 रन से जीत दर्ज कर तीन देशों की सीरीज में अपना खाता खोल लिया।

यह भी पढ़ें:

बांग्लादेश को मिली नई कप्तान, नाहिदा अख्तर संभालेंगी T20 की कमान, शोभना को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

बाबर आजम ने छुआ बड़ा मुकाम, पूरे किए 16000 रन, लेकिन कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब भी बरकरार

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।