1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शैफाली वर्मा ने छक्का लगाकर रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ गजब कारनामा

शैफाली वर्मा ने छक्का लगाकर रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ गजब कारनामा

Shafali Verma: पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टीम इंडिया की सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया। इस मैच में वह 5 बॉल पर 6 रन बनाकर आउट हुई।

Shafali Verma- India TV Hindi
Image Source : PTI शैफाली वर्मा

Shafali Verma: वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मैच भारत और पाकिस्तान के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हाईवोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया के लिए शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी का आगाज किया। पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर शैफाली वर्मा ने जोरदार शुरुआत की। इस छक्के के साथ ही उन्होंने एक नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उनसे पहले कोई भी महिला बल्लेबाज ये कारनामा नहीं कर पाई थी।

टी20 वर्ल्ड कप शैफाली वर्मा ने छक्का लगाकर रचा इतिहास

वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप की इतिहास में शैफाली वर्मा पहली ऐसी बल्लेबाज बनी हैं, जिन्होंने पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया हो। अभी तक ये कारनामा कोई और बल्लेबाज नहीं कर पाया था। शैफाली ने इस मैच में छक्का लगाकर अपने पारी की शुरुआत जरूर की, लेकिन वह लंबी पारी नहीं खेल पाई। वह पहले ही ओवर में 5 बॉल पर 6 रन बनाकर आउट हो गई। अपनी पारी में वह सिर्फ एक सिक्स लगाने में कामयाब हो पाई। उनका विकेट सादिया इकबाल ने लिया।

जेमिमा रोड्रिग्ज बड़ी पारी खेलने में रही नाकाम

पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं रही। पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद जेमिमा रोड्रिग्ज से सभी को काफी उम्मीदें थी। लेकिन उन्होंने भी निराश किया। वह 7 बॉल पर सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुई। उनके आउट होने के बाद भारतीय टीम काफी दबाव में चली गई। जेमिमा जब आउट हुई तब टीम इंडिया का स्कोर मात्र 18 रन था। यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने मिलकर टीम इंडिया की पारी को संभाला।

अपने करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप खेल रही हैं हरमनप्रीत कौर

टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर अपना 10वां टी20 वर्ल्ड कप खेल रही हैं। इस बार उनकी कोशिश बतौर कप्तान और बल्लेबाज शानदार खेल दिखाकर भारत को चैंपियन बनाने की होगी। पको बता दें कि साल 2025 में हरमनप्रीत की कप्तानी में ही भारत ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीता था। अब भारतीय टीम की नजर लगातार दूसरा ICC खिताब जीतने पर है।

यह भी पढ़ें

IND vs PAK: वर्ल्ड कप में क्या पाकिस्तानी टीम से हैंडशेक करेगी टीम इंडिया? कप्तान हरमनप्रीत ने दिया दो टूक जवाब

IND vs PAK: नो हैंडशेक पॉलिसी रही बरकरार, टॉस के दौरान हरमनप्रीत ने नहीं मिलाया पाक कप्तान से हाथ

Latest Cricket News