1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान का अगला कप्तान कौन? शाहिद अफरीदी ने बता दिया नाम

पाकिस्तान का अगला कप्तान कौन? शाहिद अफरीदी ने बता दिया नाम

T20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कुर्सी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तान के कप्तान की रेस में सबसे आगे चल रहे नाम का खुलासा किया है।

Pakistan Cricket- India TV Hindi
Image Source : AFP पाकिस्तान क्रिकेट टीम

T20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच पाकिस्तान क्रिकेट लगातार चर्चा में बना हुआ है। पाकिस्तान पर टूर्नामेंट से बाहर होने का लगातार खतरा मंडरा रहा है। इस बीच पाकिस्तानी टीम के कप्तान को लेकर पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने ऐसा बयान दिया है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल पैदा कर दी है। पाकिस्तान अभी टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुआ है, लेकिन सुपर-8 में उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। सलमान अली आगा की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं और क्रिकेट के कई जानकार मान रहे हैं कि उनका कार्यकाल ज्यादा लंबा नहीं होगा।

इंग्लैंड ने कोलंबो में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर पाकिस्तान को बड़ी राहत दी। अब पल्लेकेले में श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को या तो 65 रन से जीत दर्ज करनी होगी या 40 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल करना होगा, तभी वह नेट रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बना सकता है। इस अहम मुकाबले से पहले अफरीदी ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर माइक हेसन मुख्य कोच बने रहते हैं, तो शादाब खान को कप्तानी मिलना लगभग तय है। हेसन और शादाब पहले पाकिस्तान सुपर लीग की फ्रेंचाइजी इस्लामाबाद यूनाइटेड में साथ काम कर चुके हैं।

शादाब का हेसन से पुराना कनेक्शन

अफरीदी ने समा टीवी पर कहा कि अगर माइक हेसन कोच बने रहते हैं, तो उन्हें लगता है कि शादाब खान को कप्तान बनाया जाएगा। उनका कनेक्शन बहुत पुराना है, जो पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ उनके समय से शुरू हुआ है। शादाब बुरा विकल्प नहीं है, लेकिन अगर एक गेंदबाज के तौर पर उनका प्रदर्शन बेहतर होता, तो यह बहुत अच्छा होता।

उन्होंने कहा कि हमें शादाब से लगातार अच्छा प्रदर्शन चाहिए। अगर ऐसा होता है, तो हमें उसे कप्तान कहने में भी अच्छा लगेगा। वो हमेशा कहता थे कि वह टीम की रीढ़ है। उन्हें लगता है कि शादाब को कप्तान बनाया जाएगा क्योंकि उनके पास कोई और विकल्प नहीं है। उसे कप्तान बनाओ, लेकिन उसे एक अच्छा प्रदर्शन करने वाला होना चाहिए।

कप्तानी की रेस में सबसे आगे

गौरतलब है कि भारत से 61 रन की हार के बाद अफरीदी ने शादाब को टीम से बाहर करने की मांग भी की थी। हालांकि, नामीबिया के खिलाफ शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के बाद शादाब ने पूर्व खिलाड़ियों पर पलटवार किया और कहा था कि उनकी टीम वर्ल्ड कप में भारत को हरा सकती है, लेकिन पूर्व खिलाड़ी ऐसा दावा नहीं कर सकते। इस बयान के बाद उन्हें कड़ी आलोचना झेलनी पड़ी।

अफरीदी से पहले शोएब मलिक भी संकेत दे चुके हैं कि शादाब का नाम कप्तानी की रेस में आगे चल रहा है। फिलहाल पाकिस्तान ने सुपर-8 में अभी तक कोई जीत दर्ज नहीं की है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था, जबकि इंग्लैंड से रोमांचक मुकाबले में उसे हार झेलनी पड़ी। अब देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान पहले सेमीफाइनल की दौड़ में टिक पाता है या नहीं।

यह भी पढ़ें:

सलमान आगा के परिवार को निशाना बनाना बेहद शर्मनाक कृत्य, कप्तान के बचाव में आगे आया पाकिस्तानी खिलाड़ी

IND vs WI: रिंकू सिंह को लेकर आई बड़ी खबर, जानिए कब टीम इंडिया से जुड़ेंगे?

Latest Cricket News