IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज 1 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान पर आमने-सामने होंगे। इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के युवा खिलाड़ी को लेकर बड़ी खबर आई है। दरअसल, टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह निजी शोक के बावजूद अब फिर से टीम इंडिया से जुड़ने के लिए तैयार हैं। BCCI मैनेजमेंट ने जानकारी दी है कि रिंकू सिंह रविवार यानी 28 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होने वाले वेस्टइंडीज के खिलाफ ‘करो या मरो’ सुपर-8 मुकाबले से पहले टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे।
बता दें, 27 फरवरी की सुबह उनके पिता खानचंद सिंह का ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में के कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया था। अलीगढ़ में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे। पिता के निधन से टूटे रिंकू सिंह ने खुद अपने पिता की अर्थी को कंधा दिया। उनके परिवार के इस दुखद क्षण में क्रिकेट जगत के कई लोगों की ओर से संवेदनाएं व्यक्त की गईं। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इसे बेहद दुखद क्षति बताया।
टीम इंडिया T20 वर्ल्ड कप की डिफेंडिंग चैंपियन है और 27 फरवरी की शाम कोलकाता पहुंच चुकी है। रिंकू इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मैच के बाद पिता की बिगड़ती तबीयत के कारण T20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड से घर लौटे थे। बाद में वे जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले चेन्नई में टीम से फिर जुड़े। इस वर्ल्ड कप में रिंकू का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। उन्हें अधिकतर मैचों में आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी का मौका मिला और पांच पारियों में उन्होंने 24 रन बनाए, जिसमें दो बार नाबाद रहे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 11* रहा। इस साल खेले गए 10 T20I मुकाबलों में रिंकू ने 8 पारियों में 115 रन बनाए हैं। उनका औसत 28.75 और स्ट्राइक रेट 132.18 रहा है, जबकि सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 44 रन है।
भारतीय टीम के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मुकाबला बेहद अहम है। इस मैच का विजेता ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगा। अब सबकी निगाहें रिंकू सिंह पर होंगी। रिंकू के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला मैच काफी अहम होने जा रहा है।
यह भी पढ़ें
संपादक की पसंद