वेस्टइंडीज की टीम अभी न्यूजीलैंड के दौरे पर है, जहां 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने के बाद अभी वह मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के दूसरे मुकाबले में विंडीज टीम के कप्तान शे होप ने बल्लेबाजी के दौरान एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। नेपियर के मैकलीन पार्क में खेला जा रहा वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बारिश के खलल के चलते 34-34 ओवर्स का खेला जा रहा है। इस मैच में मेजबान टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम ने जब 38 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया तो उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे शे होप ने अपनी पारी में जब 14 रन पूरे किए तो वह एक खास लिस्ट में शुमार हो गए।
वेस्टइंडीज टीम के लिए बने इस मामले में दूसरे सबसे तेज खिलाड़ी
शे होप की गिनती वनडे फॉर्मेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में की जाती है, जिसमें उनका डेब्यू के बाद से अब तक काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। शे होप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में जब अपनी पारी में 14 रन पूरे किए तो उसी के साथ वह वेस्टइंडीज के लिए वनडे फॉर्मेट में सबसे कम पारियों में 6000 रन पूरे करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए। शे होप से कम पारियों में वनडे में वेस्टइंडीज के लिए इस आंकड़े तक पहुंचने के मामले में नंबर-1 की पोजीशन पर विवियन रिचर्ड्स का नाम है। शे होप ने अब तक 147 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें 142 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है, इस दौरान शे होप ने लगभग 50 के औसत से 6000 से अधिक रन बनाए हैं। वहीं इस दौरान शे होप के बल्ले से 18 शतकीय और 30 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं।
दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज की हालत खराब
न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में वेस्टइंडीज की टीम को 3-1 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं वनडे सीरीज के पहले मुकाबले को लेकर बात की जाए तो उसमें वेस्टइंडीज ने 8 विकेट से हार का सामना किया था। ऐसे में यदि वह दूसरे वनडे मैच को भी गंवाते हैं तो ये भी सीरीज गंवा देंगे। नेपियर में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में विंडीज टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 86 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा चुकी थी, जिसमें अब सभी की नजरें कप्तान शे होप पर टिकी हुई हैं, जो टीम को इस मुकाबले में एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा सकते हैं।
ये भी पढ़ें
7 साल 285 दिन बाद कमबैक करते ही तोड़ दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 39 साल के खिलाड़ी का अद्भुत कारनामा!
शर्मनाक क्लब में बाबर आजम ने शाहिद अफरीदी को पछाड़ा, अब नंबर-1 बनने से सिर्फ 2 डक दूर
Latest Cricket News