Graeme Cremer: जिम्बाब्वे के स्पिनर ग्रीम क्रेमर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार वापसी करते ही इतिहास रच दिया है। 39 साल के क्रेमर ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए T20I ट्राई-सीरीज के पहले मैच में उतरते ही बड़ा कारनामा कर दिया। उन्होंने लगभग 7 साल 285 दिन बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की। इस तरह उन्होंने एक बहुत बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। दरअसल, ग्रीम क्रेमर ने T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच मिस करने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने वेस्टइंडीज के खारी पियरे को पछाड़ते हुए यह बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।
T20I क्रिकेट में बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
बता दें, क्रेमर कमबैक करने से पहले आखिरी बार 2018 में जिम्बाब्वे के लिए खेलते नजर आए थे। उन्होंने 6 फरवरी 2008 को शारजाह में अफगानिस्तान के खिलाफ T20I मुकाबला खेला था। उस मैच के बाद से वह टीम से बाहर चल रहे थे। अब पाकिस्तान के खिलाफ उनकी वापसी हुई और 7 साल 8 महीने का इंतजार खत्म हो गया। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने एक विकेट भी झटका।
ग्रीम क्रेमर ने इस लंबे ब्रेक के दौरान उन्होंने 126 T20 इंटरनेशनल मुकाबले मिस किए, जो T20I फॉर्मेट में किसी भी खिलाड़ी द्वारा खेले गए दो मैचों के बीच सबसे बड़ा अंतराल है। यही उन्हें एक अनोखे विश्व रिकॉर्ड का मालिक बनाता है। लंबे वक्त तक टीम से बाहर रहने के बाद क्रेमर की यह वापसी पूरे क्रिकेट जगत और उन खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है, जो लंबे समय से टीम में वापसी की राह देख रहे हैं।
T20I में लगातार सबसे ज्यादा मैच मिस करने वाले खिलाड़ी
- ग्रीम क्रेमर (जिम्बाब्वे) - 126 मैच मिस
- खारी पियरे (वेस्टइंडीज) - 110 मैच मिस
- खलील अहमद (भारत) - 104 मैच मिस
- डेवोन थॉमस (वेस्टइंडीज) - 102 मैच मिस
जिम्बाब्वे की कर चुके हैं कप्तानी
आपको जानकर हैरानी होगी कि ग्रीम क्रीमर ने साल 2016 से लेकर 2018 तक जिम्बाब्वे टीम की कप्तानी कर चुके हैं। उन्होंने गोल्फ खेलने के लिए क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया था। वह पत्नी की जॉब और बच्चों की देखभाल के लिए UAE में जाकर बस गए थे। उन्होंने हाल में ही घरेलू क्रिकेट में वापसी की और पारी में 9 विकेट लेकर सनसनी मचा दी। जिम्बाब्वे वापस लौटते ही उन्होंने ऐलान किया कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए उपलब्ध हैं। इस तरह उनकी लंबे समय बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी तय हुई।
तीनों फॉर्मेट का अनुभव
ग्रीम क्रीमर के इंटरनेशनल करियर बात की जाए तो उन्होंने तीनों ही फॉर्मेट में जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने 96 ODI मैचों में 30.24 के औसत से कुल 119 विकेट हासिल किए हैं। जबकि 19 टेस्ट मैचों में 57 विकेट चटकाए हैं। टेस्ट में उनके नाम एक शतक जड़ने का कारनामा भी दर्ज है। 30 T20I मैचों में क्रीमर ने 19.08 के औसत से 36 विकेट झटके हैं।
यह भी पढ़ें:
इतिहास रचने के करीब पहुंचे टेम्बा बावुमा, गुवाहाटी टेस्ट जीते तो बनेगा सबसे बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
IND vs SA: भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने चली बड़ी चाल, धुरंधर गेंदबाज को टीम में किया शामिल