Babar Azam: पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ ODI सीरीज के दूसरे मैच में शानदार शतक जड़ने का कारनामा किया। इस तरह बाबर का 807 दिनों से चला आ रहा शतक का सूखा भी समाप्त हो गया। बाबर के बल्ले से 83 पारियों के बाद कोई सैकड़ा आया। बाबर के इस 20वें ODI शतक को पाकिस्तानी फैंस अभी सेलिब्रेट कर ही रहे थे कि अगले दोनों मैचों में स्टार बल्लेबाज ने एक बार फिर निराश कर दिया। ODI सीरीज के तीसरे और आखिरी ODI मैच में वह सिर्फ 34 रन बना सके। इसके बाद ICC ने उन पर 10 प्रतिशत मैच फीस का फाइन भी ठोक दिया क्योंकि आउट होने के बाद गुस्से में उन्होंने अपना बल्ला स्टंप पर दे मारा था।
पहले ही मैच में डक पर आउट
ODI सीरीज के बाद बाबर आजम 18 नवंबर को T20I ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ बल्लेबाजी करने उतरे और सिर्फ 3 गेंदों का ही सामना कर सके। बाबर अपना खाता भी नहीं खोल पाए और जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर ब्रैड इवांस का शिकार बने। इस तरह उन्होंने T20I क्रिकेट में 9वीं बार डक पर आउट होने का शर्मनाक कारनामा कर दिया। उन्होंने T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा डक पर आउट होने के मामले में शाहिद अफरीदी को भी पछाड़ दिया। अफरीदी क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 8 बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे।
नंबर-1 बनने के बेहद करीब
T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा डक पर आउट होने के मामले में बाबर आजम अब दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं और अब उन पर नंबर-1 बनने का खतरा मंडरा रहा है। पहले पायदान पर संयुक्त रूप से 2 बल्लेबाज हैं। सैम अयूब और उमर अकमल 10-10 डक के साथ T20I में सबसे ज्यादा डक पर आउट होने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं। यानी 2 और बार डक पर आउट होते ही बाबर अयूब और अकमल की पछाड़ते हुए शर्मनाक क्लब में नंबर-1 पाकिस्तानी खिलाड़ी बन जाएंगे।
T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा डक पर आउट होने वाले पाकिस्तानी क्रिकेटर
- 10 - सैम अयूब
- 10 - उमर अकमल
- 9 - बाबर आजम
- 8 - शाहिद अफरीदी
गौरतलब है कि बाबर आजम T20I क्रिकेट में वापसी के बाद से ही संघर्ष कर रहे हैं। वह अपनी पिछली 6 टी20I पारियों में 3 बार शून्य पर आउट हुए हैं। इससे पहले वह लंबे समय तक पाकिस्तान की T20I टीम से बाहर रहे थे। हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20I सीरीज में उनकी वापसी हुई।
यह भी पढ़ें:
इतिहास रचने के करीब पहुंचे टेम्बा बावुमा, गुवाहाटी टेस्ट जीते तो बनेगा सबसे बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
IND vs SA: भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने चली बड़ी चाल, धुरंधर गेंदबाज को टीम में किया शामिल