1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भगत सिंह की जयंती पर CM योगी ने लिखी 'योगी की पाती', युवाओं से कहा- "उनके जीवन से लें साहस, किताबों को बनाएं मित्र"

भगत सिंह की जयंती पर CM योगी ने लिखी 'योगी की पाती', युवाओं से कहा- "उनके जीवन से लें साहस, किताबों को बनाएं मित्र"

 Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 28, 2026 08:58 am IST,  Updated : Sep 28, 2026 09:08 am IST

भगत सिंह की जयंती पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने 'योगी की पाती' में उनके बलिदान और राष्ट्रनिष्ठा को याद किया। उन्होंने युवाओं से ज्ञान को अपनी ताकत बनाने, सीखने की ललक बनाए रखने और संकल्प को कर्म से जोड़ने की अपील की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम 'योगी की पाती' लिखी। इसमें उन्होंने भगत सिंह के बलिदान को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने और युवाओं को ज्ञान से जोड़ने की अपील की।

सीएम योगी ने पाती में लिखा कि मात्र 23 वर्ष की अल्पायु में भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है। उन्होंने लिखा कि भगत सिंह ने परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़े भारत को स्वतंत्र कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया।

जाति-पाति और नशे से मुक्ति की जरूरत

पाती में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जाति-पाति, नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों की बेड़ियों से मुक्ति के लिए भगत सिंह के अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से सीख लेनी होगी।

भगत सिंह के अध्ययनशील जीवन से सीखने की अपील

सीएम योगी ने लिखा कि भगत सिंह अध्येता थे और हिंदी, उर्दू, पंजाबी एवं अंग्रेजी सहित कई भाषाओं के ज्ञाता थे। उनके जीवन से ज्ञान को अपनी शक्ति बनाने, सीखने की ललक को जीवित रखने और संकल्प को कर्म से जोड़ने की प्रेरणा मिलती है।

युवाओं के लिए योजनाओं का किया जिक्र

पाती में मुख्यमंत्री ने लिखा कि ज्ञान जब कौशल से जुड़ता है तो युवा अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदलकर अपने सपनों को साकार कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उद्यम और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग दे रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के जरिए उद्यम स्थापित करने और रोजगार सृजित करने एवं स्टार्टअप नीति के जरिए नवाचार और उद्यमशीलता को प्रोत्साहन दिए जाने का जिक्र किया।

हर जिले में आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी

उन्होंने 'योगी की पाती' में युवाओं से उत्तर प्रदेश में उपलब्ध ज्ञान के साधनों का अधिक से अधिक सदुपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने लिखा कि प्रदेश में भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर प्रत्येक जनपद में आधुनिक पुस्तकालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं, ताकि ज्ञान तक पहुंच सहज हो।

किताबों को मित्र बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने, प्रश्न पूछने, नए विचारों को जानने और अपनी जिज्ञासा को निरंतर जीवित रखने की अपील की। उन्होंने लिखा कि एक पुस्तक किसी युवा के जीवन में नया विचार जगा सकती है और एक नया विचार पूरे समाज को नई दिशा दे सकता है।

ये भी पढ़ें-

सरकारी पैसे से ट्रंप का पुराना चुनावी विज्ञापन हुआ ऑन एयर, अमेरिका में विवाद शुरू

UP में बारिश कम होने के संकेत, इन राज्यों में तेज हवाएं और बरसात, बाढ़-लैंडस्लाइड का भी अलर्ट; मौसम का नया अपडेट जारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।