1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शिवम दुबे ने टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मैच में आखिरी ओवर को लेकर अब खोला राज, बताया - हो रही थी घबराहट; देखें VIDEO

शिवम दुबे ने टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मैच में आखिरी ओवर को लेकर अब खोला राज, बताया - हो रही थी घबराहट; देखें VIDEO

IND vs ENG: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की टीम को 7 रनों से मात देते हुए फाइनल में एंट्री कर ली। इस मैच के आखिरी ओवर में इंग्लैंड को 30 रन बनाने थे, जो टीम इंडिया की तरफ से शिवम दुबे ने फेंका था, जिन्होंने इस बात को कबूल किया है कि वह ओवर फेंकने से पहले नर्वस थे।

Shivam Dube And Suryakumar Yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI शिवम दुबे और सूर्यकुमार यादव

भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच में 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गया टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले का अंत काफी रोमांचक देखने को मिला। टीम इंडिया इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने के बाद जहां 253 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही थी, तो वहीं इंग्लैंड की तरफ से टारगेट का पीछा भी काफी शानदार तरीके से देखने को मिला। भारतीय टीम इस मैच को आखिरी ओवर में सिर्फ 7 रनों के अंतर से जीतने में कामयाब हो सकी। इस मैच के आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रन बनाने थे, जो भारतीय टीम की तरफ से शिवम दुबे ने फेंका था, जिन्होंने अब इस बात को कबूल किया है कि वह उस समय काफी घबरा रहे थे।

मुझे पता था कि आखिरी ओवर मैं फेंकने वाला हूं

इंग्लैंड की टीम को जब आखिरी ओवर में जीत के लिए 30 रन बनाने थे, तो उस समय जैकब बेथेल क्रीज पर टिके हुए थे, जो शतक पूरा कर चुके थे। बीसीसीआई की तरफ से जारी किए गए वीडियो में शिवम दुबे ने आखिरी ओवर को लेकर कहा कि मैं जानता था कि ओवर की पहली 2 गेंद काफी अहम रहने वाली हैं, क्योंकि 2 गेंद सही जाने पर मैच में हमारी जीत पक्की हो जाएगी। ये पहले ही तय हो चुका था कि आखिरी ओवर मैं फेंकने वाला हूं। मैं इस बात को कबूल करूंगा कि मुझे घबराहट महसूस हो रही थी। वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आखिरी ओवर फेंकना हमेशा एक बड़ी चुनौती होती है। बेथेल शतक पूरा कर चुके थे, इसलिए मुझे पता था कि आखिरी फेंकना काफी मुश्किल रहने वाला है। मैंने खुद पर विश्वास बनाए रखा और अपनी काबिलियत पर भरोसा किया। बता दें कि दुबे ने अपने इस ओवर में कुल 22 रन दिए थे।

दुबे ने बल्ले से भी निभाई थी अहम भूमिका

भारतीय टीम की तरफ से इस मैच में बल्लेबाजी में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें शिवम दुबे ने भी कमाल दिखाया, जिनको इस मुकाबले में नंबर-4 की पोजीशन पर खेलने के लिए भेजा गया था। दुबे ने इंग्लैंड के प्रमुख स्पिनर आदिल रशीद के खतरे को जहां बिल्कुल खत्म कर दिया तो वहीं वह 25 गेंदों में 43 रनों की पारी भी खेलने में कामयाब रहे, जिसमें एक चौका और चार छक्के भी शामिल थे।

ये भी पढ़ें

IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच की पिच से उठा पर्दा, अहमदाबाद में रनों का अंबार लगने की संभावना

सूर्यकुमार यादव बनाम मिचेल सेंटनर, कैसे हैं दोनों कप्तानों के रिकॉर्ड, फाइनल से पहले जान लीजिए

Latest Cricket News