अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। इस खिताबी मैच में हिस्सा लेने के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड वहां पहुंच गया है। कीवी टीम ने जहां सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को मात देते हुए फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का किया था, तो वहीं टीम इंडिया ने इंग्लैंड को दूसरे सेमीफाइनल में 7 रनों से हराते हुए लगातार दूसरी बार फाइनल में एंट्री कर ली। अब सभी की नजरें अहमदाबाद में होने वाले इस खिताबी मैच की पिच को लेकर टिकी हुई हैं, क्योंकि दोनों ही टीमों ने इस वर्ल्ड कप में अहमदाबाद में हार का सामना किया है।
बल्लेबाजी के लिए मुफीद पिच होने की उम्मीद
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले की पिच को लेकर ईएसपीएन क्रिकइंफो पर सामने आई रिपोर्ट के अनुसार ये बल्लेबाजी के लिए मुफीद हो सकती है, जिसमें मुंबई की तरह यहां भी रनों का अंबार लगते हुए देखने को मिल सकता है। फाइनल मैच के लिए सेंटर पिच को इस्तेमाल किया जाएगा जो लाल और काली मिट्टी के मिक्चर से बनी है। ऐसे में इस पर अच्छा बाउंस देखने को मिलेगा जिससे तेज गेंदबाजों को भी थोड़ी मदद मिल सकती है, वहीं इस पिच से स्पिन गेंदबाजों को अधिक मदद मिलने की उम्मीद नहीं है। अभी तक इस टूर्नामेंट में इस पिच पर सिर्फ एक ही मुकाबला खेला गया जो कनाडा और साउथ अफ्रीका की टीम के बीच 9 फरवरी को हुआ था, जिसमें अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रनों का स्कोर बनाने के साथ 53 रनों से इस मुकाबले को जीता था। ऐसे में पिछले एक महीने से इस पिच पर कोई भी मुकाबला नहीं खेला गया है, जिसके चलते ये पूरी तरह से फ्रेश होगी।
दोनों ही टीमों को मिली है यहां पर हार
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमों का फाइनल तक का सफर थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा देखने को मिला है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एक में उन्हें जीत मिली जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड ने इस वर्ल्ड कप में यहां पर 14 फरवरी को साउथ अफ्रीका की टीम के खिलाफ मुकाबला खेला था, जिसमें कीवी टीम ने 176 रनों का टारगेट दिया था और इसे अफ्रीकी टीम ने 17.1 ओवर्स में सिर्फ तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया था।
ये भी पढ़ें
सूर्यकुमार यादव बनाम मिचेल सेंटनर, कैसे हैं दोनों कप्तानों के रिकॉर्ड, फाइनल से पहले जान लीजिए
टीम इंडिया का ऐसा रहा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फाइनल तक का सफर, अब खिताबी मुकाबले पर सभी की नजरें