1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सूर्यकुमार यादव बनाम मिचेल सेंटनर, कैसे हैं दोनों कप्तानों के रिकॉर्ड, फाइनल से पहले जान लीजिए

सूर्यकुमार यादव बनाम मिचेल सेंटनर, कैसे हैं दोनों कप्तानों के रिकॉर्ड, फाइनल से पहले जान लीजिए

 Published : Mar 06, 2026 06:35 pm IST,  Updated : Mar 06, 2026 06:35 pm IST

सूर्यकुमार यादव और मिचेल सेंटनर जब टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में उतरेंगे तो ये दो टीमों का ही मुकाबला नहीं, बल्कि कप्तानों की भी टक्कर होगी। जो काफी दिलचस्प रहने की उम्मीद है।

Suryakumar Yadav and Mitchell Santner- India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव बनाम मिचेल सेंटनर Image Source : AP

सूर्यकुमार यादव पहली बार भारत के लिए किसी आईसीसी टूर्नामेंट में कप्तानी कर रहे हैं। पहली ही दफा में वे अपनी टीम को फाइनल तक ले जाने में कामयाब रहे हैं। अब उनके पास मौका है कि एक और मैच जीतकर भारत को टी20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाएं। जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल होगा तो मुकाबला दो टीमों नहीं, बल्कि दो कप्तानों के भी बीच होगा। चलिए जरा जानते हैं कि दोनों टीमों के कप्तानी आंकड़े इस वक्त कैसे हैं।

इस साल के टी20 विश्व कप में कैसे रहे हैं अब तक भारत और न्यूजीलैंड के आंकड़े

बात पहले सूर्यकुमार यादव की करते हैं। अब तक इस साल के टी20 विश्व कप में भारत ने कुल मिलाकर आठ मुकाबले खेले हैं। इसमें से केवल साउथ अफ्रीका से ही टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है, बाकी टीमों को हराते हुए टीम यहां तक पहुंची है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम आठ में से दो मैच हारी है। टीम को इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा है। बाकी छह मैच इस टीम ने भी जीते हैं। 

सूर्यकुमार यादव के अब तक टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान रिकॉर्ड

अब जरा पूरे कप्तानी आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि सूर्या ने अब तक भारत के लिए कुल मिलाकर 51 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की है। इसमें से भारत ने 39 मैच जीत हैं और आठ में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। दो मैच टाई पर खत्म हुए हैं। ये आंकड़े अपने आप में खुद ही बताते हैं कि सूर्या शुरू से लेकर अब तक कैसी कप्तानी कर रहे हैं। 

मिचेल सेंटनर ने भी कप्तान के तौर पर किया है अच्छा काम

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर की बात की जाए तो वे अब तक 52 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी कर चुके हैं। इसमें से उन्होंने 28 मुकाबले जीते हैं और 18 में हार का सामना करना पड़ा है। यानी सेंटनर के भी आंकड़े अच्छे हैं, लेकिन सूर्या से कुछ पीछे हैं। हालांकि ये सब पिछले आंकड़े और रिकॉर्ड हैं, जब आठ मार्च को दोनों आमने सामने होंगे तो जो टीम अच्छा खेल दिखाएगी, वो जीत दर्ज करने में कामयाब होगी, ये भी बात पक्की है। ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां न्यूजीलैंड की टीम इसी विश्व कप में एक मैच हार चुकी है। टीम इंडिया भी इसी अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हारी थी। अब कौन सी टीम बाजी मारेगी, ये देखना भी काफी रोचक होगा। 

यह भी पढ़ें 

टीम इंडिया के कितने खिलाड़ी खेलेंगे पहली बार टी20 विश्व कप फाइनल, जान लीजिए उनके नाम

IND vs NZ: फाइनल में उतरते ही भारत और न्यूजीलैंड की टीमें रच देंगी इतिहास, आईसीसी टूर्नामेंट का बड़ा कीर्तिमान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल