Shreyas Iyer: IPL 2026 के सबसे अहम मुकाबलों में से एक में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने ऐसा तूफानी खेल दिखाया, जिसने सिर्फ टीम को जीत ही नहीं दिलाई, बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रेयस ने ऐसी पारी खेली, जिसे आईपीएल फैंस लंबे समय तक याद रखेंगे। खास बात ये रही कि उनकी इस पारी के साथ एक ऐसा रिकॉर्ड भी बना, जो आज तक कोई कप्तान नहीं बना पाया था।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स को जीत के लिए बड़ा लक्ष्य मिला था। शुरुआत भी बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 22 रन पर दो विकेट गंवा दिए। ऐसे मुश्किल समय में कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 51 गेंदों में 101 रन ठोक डाले। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के लगाए।
IPL में बना नया इतिहास
इस शतक के साथ श्रेयस अय्यर IPL इतिहास के पहले ऐसे कप्तान बन गए, जिन्होंने नंबर चार या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। उनसे पहले IPL में 16 बार कप्तानों ने शतक लगाए थे, लेकिन सभी बल्लेबाज टॉप-3 में उतरकर यह कारनामा कर पाए थे। इतना ही नहीं, श्रेयस IPL रन चेज में शतक लगाने वाले चौथे कप्तान भी बने। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ संजू सैमसन, विराट कोहली और वीरेंद्र सहवाग के नाम थी। हालांकि पंजाब किंग्स के लिए लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाने वाले वह पहले कप्तान बन गए। इससे पहले PBKS के कप्तान के तौर पर सिर्फ केएल राहुल और एडम गिलक्रिस्ट ने शतक लगाए थे, लेकिन दोनों ने पहली पारी में यह उपलब्धि हासिल की थी।
प्लेऑफ की उम्मीदों को मिली मजबूती
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स बड़े लक्ष्यों का पीछा करने में लगातार सफल रही है। टीम ने उनके आने के बाद 190 से ज्यादा रन के लक्ष्य सात बार हासिल किए हैं और खास बात यह है कि श्रेयस ने इन सभी रन चेज में अर्धशतक लगाया है। लेकिन लखनऊ के खिलाफ खेली गई यह पारी शायद सबसे खास रही, क्योंकि टीम दबाव में थी और प्लेऑफ की उम्मीदें भी दांव पर लगी थीं।
मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह शतक बिल्कुल सही समय पर आया। उन्होंने कहा कि वह बेहद खुश हूं। यह उनका पहला IPL शतक है और तब आया जब टीम को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। लगातार 6 हार के बाद जीत हासिल करना शानदार एहसास है। जब आप मैच खत्म करके शतक लगाते हैं, तो वह किसी भी बल्लेबाज के लिए सपने जैसा होता है। उन्होंने आगे कहा कि अब उनकी नजर मुंबई इंडियंस के अगले मैच पर रहेगी, क्योंकि पंजाब किंग्स की प्लेऑफ उम्मीदें दूसरे नतीजों पर भी टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़ें:
एक मैच के लिए MI ने दो प्लेयर्स को किया अपने स्क्वॉड में शामिल, जानें कौन बना किसका रिप्लेसमेंट
पंजाब किंग्स की जीत से खत्म हुई दिल्ली के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें, अब एक पोजीशन के लिए बने ये समीकरण
Latest Cricket News