IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ की रेस से काफी पहले बाहर हो चुकी थी। टीम को अब अपना आखिरी लीग मैच 24 मई को राजस्थान रॉयल्स से खेलना है। इस एक मैच के लिए मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग XI में दो बदलाव किए हैं। हालांकि टीम को ये दोनों बदलाव इंजरी की वजह से करना पड़ा है। क्रिकबज के मुताबिक मुंबई इंडियंस के दो खिलाड़ी क्विंटन डी कॉक और राज अंगद बावा चोटिल हो गए हैं। डी कॉक की जगह टीम में महिपाल लोमरोर और राज बावा की जगह रुचित अहीर को टीम में शामिल किया गया है।
आखिरी मैच में जीत दर्ज करना चाहेगी MI
महिपाल लोमरोर को मुंबई इंडियंस की फ्रेंचाइजी ने 50 लाख जबकि रुचित अहीर को 30 लाख रुपये में साइन किया है। अपने आखिरी लीग मैच में मुंबई की कोशिश होगी कि वो अपने घरेलू मैदान पर जीत दर्ज करें और अच्छे नोट पर सीजन का अंत करे। राजस्थान के खिलाफ मैच से पहले मुंबई टीम की स्थिति के बारे में बात करें तो ये टीम फिलहाल अंकतालिका में 9वें स्थान पर है। इस टीम ने अब तक खेले 13 मैचों में से 4 मैच जीते हैं जबकि 9 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई इंडियंस के खाते में फिलहाल 8 अंक हैं।
डी कॉक को SRH के खिलाफ मैच में लगी थी चोट
बता दें कि क्विंटन डी कॉक बाईं कलाई में लगी चोट के कारण इस सीजन के बाकी मैचों से बाहर हो गए थे। डी कॉक को ये चोट हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी। वहीं राज अंगद बावा को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में दाहिने अंगूठे में चोट लगी थी और इस चोट की वजह से वो भी पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। मुंबई ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा था कि क्विंटन और राज बावा दोनों अपने-अपने घर पर अपना रिहैब जारी रखेंगे। मेडिकल टीम उन्हें हर तरह से मदद करेगी और हम उनके जल्दी ठीक होने की हम कामना करते हैं।
हार्दिक और रोहित शर्मा भी इस सीजन हुए थे चोटिल
मुंबई इंडियंस की बात करें तो इस सीजन उनका अभियान खिलाड़ियों की चोट की वजह से काफी प्रभावित हुआ है। टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या पीठ की चोट की वजह से कुछ मैचों से बाहर रहे। वहीं दिग्गज अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से दो हफ्तों तक क्रिकेट के मैदान से दूर रहे। ऐसे में टीम के खिलाड़ी इस सीजन अपने खराब प्रदर्शन को भुलाकर आईपीएल 2027 में दमदार वापसी करना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें
जसप्रीत बुमराह के खराब फॉर्म को लेकर अब खुला राज, इस वजह से रफ्तार में भी दिखी IPL 2026 में कमी
RCB को क्वालीफायर-1 मुकाबले से पहले लगा 440 वोल्ट का झटका, घर वापस लौटेगा धाकड़ खिलाड़ी