1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. Asian Games 2026 Live: जय मीना ने सॉफ्ट टेनिस में पदक किया पक्का, महिला टीम स्कीट में भारत को मिला कांस्य पदक
  Live Now

Asian Games 2026 Live: जय मीना ने सॉफ्ट टेनिस में पदक किया पक्का, महिला टीम स्कीट में भारत को मिला कांस्य पदक

 Written By: Hitesh Jha
 Updated : Sep 23, 2026 09:35 am IST

भारतीय खिलाड़ी चौथे दिन भी कई मुकाबलों में भाग लेंगे और उनके पास कई मेडल जीतने का मौका होगा। आज सभी लोगों का ध्यान खासतौर पर ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और मनु भाकर के प्रदर्शन पर रहेगा।

Mirabai Chanu & Manu Bhaker- India TV Hindi
मीराबाई चानू & मानु भाकर Image Source : PTI

एशियन गेम्स 2026 के शुरुआती तीन दिन पूरे हो चुके हैं और अब तक भारत का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इन तीन दिनों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए देश के लिए कुल 7 मेडल हासिल किए हैं। इनमें 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत ने एकमात्र गोल्ड अब तक वुमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में जीता है। वहां फाइनल में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका ने 147 रनों से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

अगर पदकों की कुल संख्या के हिसाब से देखा जाए, तो भारत अभी सभी देशों की रैंकिंग में 8वें नंबर पर मौजूद है। एशियन गेम्स जैसे बड़े खेल मुकाबले में दुनिया भर के कई मजबूत देश हिस्सा लेते हैं, ऐसे में टॉप 10 में अपनी जगह बनाए रखना भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। अब टूर्नामेंट के चौथे दिन से हर किसी को उम्मीद है कि भारतीय एथलीट कुछ और खेलों में जीत दर्ज करेंगे और देश की झोली में नए मेडल डालकर इस रैंकिंग को और ऊपर ले जाएंगे।

Live updates :Asian Games 2026 Live 23 Sept

Auto Refresh
Refresh
  • 9:35 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    मेडल जीतने की रेस से बाहर हुई मनु भाकर

    महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल मुकाबले में मनु भाकर बाहर हो गई हैं और इसके साथ ही इस स्पर्धा में पद जीतने की उम्मीद भी टूट गई है। वह इस मुकाबले में पांचवें स्थान पर रहीं।

  • 9:11 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    मनु भाकर की शानदार शुरुआत

    महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल मुकाबले में मनु भाकर ने बेहतरीन शुरुआत की है। पहले सेट में उन्होंने 50.8 अंक हासिल किए और शुरुआत में ही शानदार प्रदर्शन दिखाया। इस फाइनल मैच के शुरुआती चरण में हर खिलाड़ी को 5-5 शॉट के दो सेट खेलने होते हैं, जिसके बाद सबसे कम अंक पाने वाले खिलाड़ी एक-एक करके प्रतियोगिता से एलिमिनेट होने लगते हैं।

  • 8:59 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    महिला टीम स्कीट में भारत ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

    महिला टीम स्कीट (शूटिंग) प्रतियोगिता में भारत की रायजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की तिकड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। इस शानदार जीत के साथ ही शूटिंग में भारत के नाम एक और पदक दर्ज हो गया है। इस एशियन गेम्स में भारत अब तक 8 मेडल जीत चुका है।

  • 8:57 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    भारत के जय मीना ने पदक किया पक्का

    सॉफ्ट टेनिस (पुरुष सिंगल्स) के क्वार्टरफाइनल में भारत के जय मीना ने फिलीपींस के शेरविन नुगुइट को 4-3 के बेहद करीबी और रोमांचक मैच में हरा दिया। इस जीत के साथ ही उन्होंने भारत के लिए कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है। जय एशियन गेम्स के इतिहास में सॉफ्ट टेनिस में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। अब उनका सेमीफाइनल मुकाबला जापान के ताकुया कुरोसाका से होगा, जहां वे जीतकर फाइनल में जगह बनाना चाहेंगे।

  • 8:10 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    सेपक टकरा में भारत ने फिलीपींस को हराया

    सेपक टकरा के पुरुषों के मुकाबले में भारत ने फिलीपींस को हराकर लगातार दूसरा मैच जीत लिया है। भारत ने यह मुकाबला 2-1 (15-9, 10-15, 15-8) से अपने नाम किया। मैच काफी रोमांचक था, लेकिन भारतीय टीम ने दबाव में भी बेहतरीन खेल दिखाया। अब भारत की नजरें अपने तीसरे मैच पर हैं, जिसे जीतकर टीम अगले दौर में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी।

  • 7:44 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    शूटिंग में भारत की टीम मेडल जीतने की उम्मीद खत्म

    महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के क्वालिफिकेशन दौर में मनु भाकर ने आखिरी (छठी) सीरीज में 98 का बेहतरीन स्कोर बनाया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर वह ओवरऑल तीसरे स्थान पर रहीं और उन्होंने व्यक्तिगत फाइनल मुकाबले के लिए क्वालिफाई कर लिया। दूसरी ओर ईशा सिंह 15वें और सुरुचि इंदर सिंह 26वें स्थान पर रहीं। इन दोनों के निराशाजनक प्रदर्शन की वजह से इस स्पर्धा में भारत की टीम मेडल जीतने की उम्मीद खत्म हो गई है।

  • 7:38 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    फाइनल में पहुंची मनु भाकर

    महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के क्वालिफिकेशन दौर में मनु भाकर ने छठे राउंड में 98 का बेहतरीन स्कोर बनाया। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत वह ओवरऑल तीसरे स्थान पर रहीं और उन्होंने व्यक्तिगत फाइनल मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब हर किसी का ध्यान ईशा सिंह और सुरुचि इंदर सिंह के अंतिम नतीजों पर लगा हुआ है कि वे फाइनल में पहुंच पाती हैं या नहीं।

  • 7:05 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    मेडल जीतने की रेस से बाहर हुए जसविंदर-नितिन

    रोइंग के पुरुषों के पेयर इवेंट में भारत के जसविंदर सिंह और नितिन कुमार अपनी रेस में चौथे स्थान पर रहे। इस वजह से यह भारतीय जोड़ी मुख्य फाइनल में जगह नहीं बना पाई और 'फाइनल B' के लिए ही क्वालिफाई कर सकी। आपको बता दें कि 'फाइनल B' की रेस सिर्फ रैंकिंग तय करने के लिए होती है, इसमें खिलाड़ियों को कोई मेडल नहीं मिलता है।

  • 6:58 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    कैनो स्प्रिंट में भारत की कयाक फोर टीम फाइनल में पहुंची

    कैनोइंग (कयाकिंग) प्रतियोगिता में पुरुषों की 500 मीटर 'कयाक फोर' रेस में भारत की चार खिलाड़ियों वाली टीम अपनी रेस में तीसरे स्थान पर रही। इस भारतीय टीम में हर्षवर्धन शक्तावत, वरिंदर सिंह, एल नाओचा सिंह ओइनम और अरुण सिंह शामिल थे। इन चारों ने मिलकर यह रेस 1 मिनट 29.447 सेकंड में पूरी की और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

  • 6:47 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    मनु भाकर ने दूसरे सेट में किया अच्छा स्कोर

    महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के शुरुआती राउंड में मनु भाकर ने दूसरे सेट में 96 का अच्छा स्कोर बनाया। दूसरी तरफ, ईशा सिंह और सुरुचि इंदर सिंह अभी अपने सही फॉर्म में आने के लिए संघर्ष कर रही हैं। आगे के राउंड में अपनी जगह मजबूत करने के लिए भारतीय निशानेबाजों को और बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

  • 6:29 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    देरी से शुरू होगा जय मीना का मुकाबला

    मौसम के अपडेट के मुताबिक, आज सुबह से हो रही लगातार हल्की बारिश की वजह से सॉफ्ट टेनिस के मैच अपने तय समय से थोड़ी देरी से शुरू होंगे। इसी वजह से भारत के खिलाड़ी जय मीना का मुकाबला भी अब निर्धारित समय के बाद देरी से शुरू होगा।

  • 6:23 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    मनु भाकर से सभी को उम्मीदें

    एशियन गेम्स 2026 में भारत का अगला बड़ा मुकाबला शूटिंग में होने वाला है। सुबह 6:15 बजे देश की स्टार निशानेबाज मनु भाकर, सुरुचि इंदर सिंह और ईशा सिंह एक्शन में नजर आएंगी। ये तीनों खिलाड़ी महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में उतरेंगी, जहां वे व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन और टीम फाइनल दोनों में हिस्सा लेंगी। इस खेल में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए देश को इनसे मेडल जीतने की पूरी उम्मीद है।

  • 6:21 AM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    बलराज पंवार ने रोइंग के फाइनल में बनाई जगह

    रोइंग प्रतियोगिता के पुरुषों के सिंगल्स वर्ग में भारत के बलराज पंवार ने अपनी रेस 6 मिनट 52.84 सेकंड में पूरी करके तीसरा स्थान हासिल किया। वह दूसरे नंबर पर रहे हांगकांग के खिलाड़ी (ची फंग चान) से बहुत कम, यानी सिर्फ 0.31 सेकंड ही पीछे रहे। दोनों रेसों के नतीजों को मिलाकर देखा जाए, तो बलराज कुल मिलाकर चौथे स्थान पर रहे और शानदार प्रदर्शन करते हुए अब फाइनल मुकाबले में पहुंच गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल