रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मैचों में 9 जीत के साथ अंकतालिका में पहले नंबर पर खत्म किया है। अब डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी को प्लेऑफ में क्वालीफायर-1 मुकाबला 26 मई को गुजरात टाइटंस की टीम के खिलाफ धर्मशाला के स्टेडियम में खेलना है। इस मैच से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को एक बड़ा झटका ओपनिंग बल्लेबाज जैकब बेथेल के रूप में लगा है, जो चोटिल होने की वजह से अब अपने देश इंग्लैंड वापस लौट रहे हैं। बेथेल को लेकर आरसीबी के साथ इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के साथ उनके घर वापस लौटने की जानकारी को साझा किया है।
घर लौटने पर इंग्लैंड की मेडिकल टीम की देखरेख में रहेंगे बेथेल
जैकब बेथेल को आईपीएल 2026 सीजन खत्म होने के बाद इंग्लैंड की टेस्ट टीम के साथ जुड़ना था, जिसमें वह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए घोषित हुई इंग्लैंड की पहले टेस्ट की स्क्वाड का हिस्सा हैं। ऐसे में 4 जून से लॉर्ड्स में खेले जाने वाले पहले टेस्ट से को लेकर बेथेल की फिटनेस पर चिंता जरूर खड़ी हो गई है। जैकब बेथेल की चोट को लेकर खुलासा 22 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुए मुकाबले में टॉस के समय आरसीबी कप्तान ने किया था जिसमें उनकी बाएं हाथ के बीच की उंगली में चोट लगी है। ईसीबी की तरफ से जारी किए गए बयान में उन्होंने जानकारी दी कि बेथेल के इंग्लैंड लौटने के बीच वह उनकी इस चोट की जांच मेडिकल करेगी ताकि ये पता किया जा सके की वह लॉर्ड्स टेस्ट मैच से पहले पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं।
साल्ट की वापसी से आरसीबी को नहीं हुआ भारी नुकसान
जैकब बेथेल के बाहर होने के बावजूद आरसीबी के लिए क्वालीफायर-1 मुकाबले से पहले जो एक अच्छी खबर सामने आई है वह उनके स्टार ओपनिंग बल्लेबाज फिल साल्ट का पूरी तरह से फिट हो जाना है। फिल साल्ट को आईपीएल 2026 सीजन के बीच में उंगली में चोट लगी थी, जिसके बाद वह इसकी रिकवरी के लिए इंग्लैंड वापस लौट गए थे, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले वह आरसीबी के स्क्वाड से फिर पूरी तरह फिट होने के बाद जुड़ चुके थे। हालांकि आरसीबी ने क्वालीफायर-1 मैच को ध्यान में रखते हुए साल्ट को लेकर किसी तरह का कोई खतरा ना उठाने का फैसला लेते हुए उन्हें इस मैच में नहीं खिलाया। अब उनका 26 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 26 मई को होने वाले मैच में खेलना तय जरूर माना जा सकता है।
ये भी पढ़ें
रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर अनजान है BCCI? मुंबई इंडियंस के कोच ने हिटमैन को लेकर किया बड़ा दावा