इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में अब तक प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीन टीमों का फैसला हो चुका है जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अलावा गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद का नाम शामिल है। वहीं बची एक पोजीशन के लिए अब सिर्फ तीन टीमें ही रेस में बनी हुई हैं। पंजाब किंग्स जिसको पिछले लगातार 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था उन्होंने लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के खिलाफ हुए मुकाबले को 7 विकेट से जीतने के साथ प्वाइंट्स टेबल में अपने 15 अंक पूरे किए और चौथी पोजीशन पर कब्जा जमा लिया। हालांकि अभी उनकी प्लेऑफ के लिए जगह पक्की नहीं है, क्योंकि उन्हें राजस्थान रॉयल्स और केकेआर के मैचों के परिणाम का इंतजार करना होगा।
पंजाब किंग्स की जीत से दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें हुई खत्म
लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मुकाबले में पंजाब किंग्स को 197 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उन्होंने सिर्फ तीन विकेट के नुकसान पर 18 ओवर्स में हासिल कर लिया। पंजाब किंग्स की इस जीत के साथ आईपीएल 2026 में प्लेऑफ के लिए दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें खत्म हो गई हैं, जो अभी अंकतालिका में 13 मैचों में 12 अंकों के साथ 8वें नंबर पर हैं। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के लिए प्लेऑफ में पहुंचने की राह से पहले से ही काफी कठिन थी, जिसमें उन्हें पंजाब किंग्स की हार के साथ राजस्थान रॉयल्स की हार की उम्मीद करनी थी जिसके बाद केकेआर के खिलाफ मुकाबले को बड़े अंतर से जीतना होता।
अब पंजाब किंग्स ने लखनऊ को हराने के साथ उन्हें प्लेऑफ में बची एक पोजीशन से पूरी तरह से बाहर कर दिया है। पंजाब किंग्स को अब प्लेऑफ में पहुंचने के लिए राजस्थान रॉयल्स की हार की उम्मीद करनी होगी साथ ही केकेआर अगर अपना मुकाबला जीतती है तो अंतर अधिक बड़ा नहीं होना चाहिए, ताकि बेहतर नेट रनरेट से वह उनसे ऊपर रह सके। अभी पंजाब किंग्स का नेट रनरेट 0.309 का है।
राजस्थान रॉयल्स को सिर्फ हासिल करनी है जीत
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स टीम को यदि प्लेऑफ में बची एक पोजीशन के लिए अपनी जगह को पक्का करना है तो उसके लिए उन्हें सिर्फ मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले अपने आखिरी लीग मुकाबले में जीत हासिल करनी होगी। अभी राजस्थान रॉयल्स के 13 मैचों में कुल 14 अंक हैं और इस मुकाबले को जीतने के साथ उनके कुल 16 अंक हो जाएंगे लेकिन यदि उनको हार का सामना करना पड़ा तो फिर वह प्लेऑफ में पहुंचने की रेस से बाहर हो जाएगी।
केकेआर के लिए है काफी मुश्किल राह
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम अभी भी प्लेऑफ के लिए बची एक पोजीशन के लिए रेस में बनी हुई है, लेकिन उसके लिए उनकी राह काफी मुश्किल है। केकेआर को जहां पहले राजस्थान रॉयल्स की हार की दुआ करनी होगी, वहीं इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले आखिरी लीग मुकाबले में 77 या उससे ज्यादा रनों से जीत हासिल करनी होगी यदि वह 200 रनों का स्कोर करते हैं। वहीं यदि कम से कम 180 रनों के टारगेट का पीछा कर रहे हैं तो मुकाबले को 12 या 12.4 ओवर्स से पहले जीतना होगा। इसी के बाद उनका नेट रनरेट राजस्थान रॉयल्स से बेहतर हो सकेगा। अभी केकेआर का नेट रनरेट 0.011 का है।
ये भी पढ़ें
श्रेयस अय्यर बने रोहित-कोहली के क्लब का हिस्सा, IPL में बतौर कप्तान की बड़ी उपलब्धि
एक मैच के लिए MI ने दो प्लेयर्स को किया अपने स्क्वॉड में शामिल, जानें कौन बना किसका रिप्लेसमेंट