एशियन गेम्स में भारत ने जापान को टी20 इंटरनेशनल मैच में आठ विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जापान की टीम ने 19.5 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर 57 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने केवल 5 ही ओवर में दो विकेट खोकर 59 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया अब सेमीफाइनल में भी पहुंच गई है।
भारतीय टीम के लिए ये मैच करीब करीब एकतरफा रहा। जापान की टीम कहीं भी भारत के आगे टिक नहीं पाई। पहले गेंदबाजी में भारत ने जापान को चारोखाने चित्त किया। जापान की टीम अपने कोटे के 20 ओवर नहीं खेल पाई। केवल 19.5 ओवर में ही टीम के सारे विकेट गिर गए। जापानी टीम 57 ही रन बना सकी। इसके बाद जब भारत की बैटिंग आई तो पांच ही ओवर का मैच चला।
भारत के गिरे दो विकेट
भारत के भले ही दो विकेट गिर गए, लेकिन इसमें चिंता की बात नहीं है। भारतीय टीम की उपकप्तान मंधाना, जो कि ओपनर हैं, वे आज बैटिंग के लिए नहीं आईं। शैफाली वर्मा के साथ कमलिनी पारी का आगाज करने के लिए आईं, लेकिन वे अपना खाता भी नहीं खोल पाईं। दो बॉल पर शून्य रन बनाकर वे आउट हो गईं। इसके बाद तीसरे नंबर पर आईं भारती फूलमली ने एक चौका जरूर लगाया, लेकिन वे भी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाईं। उन्होंने सात बॉल पर छह रन बनाए और चलती बनीं।
शैफाली वर्मा की जबरदस्त बल्लेबाजी
इस बीच शैफाली वर्मा मोर्चा संभाले रहीं। पहले ओवर में 17 रन बनाकर उन्होंने जापान की बखिया उधेड़नी शुरू कर दी। शैफाली ने 15 बॉल पर 40 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए। नंबर चार पर बैटिंग के लिए आईं रिचा घोष ने 6 बॉल पर 12 रन बनाए और नाबाद लौटीं। उन्होंने इस दौरान दो चौके लगाए।
भारत महिला टीम: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, गुनालन कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेट कीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, राधा यादव, रेणुका सिंह ठाकुर, श्रेयंका पाटिल।
जापान महिला टीम: हारुना इवासाकी, अकारी निशिमुरा कानो, माई यानागिडा (कप्तान), शिमाको काटो, एरिका ओडा, हिनासे गोटो (विकेट कीपर), अहिल्या चंदेल, कुरुमी ओटा, आयुमी फुजिकावा, एलेना कुसुदा नायरन, नोनोहा यासुमोटो, मेग ओगावा, सेइका सुमी, एरिका तोगुची क्विन, अयाका काटो-स्टैफोर्ड।