भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल के लिए आगामी न्यूजीलैंड का दौरा किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रहने वाला है, जहां पर खेली जाने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज उनके लिए बतौर कप्तान और एक बल्लेबाज के रूप में काफी अहम रहेगी। शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के दौरे से पहले रणजी ट्रॉफी 2026-27 के जारी सीजन में पंजाब और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबले में खेलने का फैसला लिया था, ताकि रेड बॉल से अपनी तैयारियों को और भी पुख्ता किया जा सके। पंजाब और छत्तीसगढ़ के बीच में एलीट ग्रुप-बी का यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के स्टेडियम खेला जा रहा है, जिसमें पंजाब की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद सभी की नजरें शुभमन गिल को लेकर थी लेकिन वह सिर्फ 5 गेंदों का सामना करने के बाद एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
बाएं हाथ के गेंदबाज की अंदर आती गेंद को खेलने से चूके गिल
पंजाब की टीम ने पहले दिन के पहले सेशन के खेल में जब अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 65 के स्कोर पर दूसरा विकेट विहान मल्होत्रा के रूप में गंवाया तो उसके बाद नंबर-4 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करने उतरे शुभमन गिल से सभी को बड़ी पारी की उम्मीद थी, जिसमें उन्होंने अपना खाता भी खोल लिया था। इसके बाद छत्तीसगढ़ के बाएं हाथ के 30 साल स्पिन गेंदबाज अजय मंडल की अंदर आती गेंद को शुभमन गिल खेलने में चूक कर बैठे जिसमें उन्होंने एक पैर आगे निकालकर गेंद को वहीं रोकने का प्रयास किया लेकिन उससे पहले गेंद गिल को चकमा देते उनके बैट और पैर के बीच में बने गैप से निकलते हुए सीधे मिडिल स्टंप पर जा लगी। शुभमन गिल इसके बाद बिना पीछे मुड़े निराशा के साथ पवेलियन की तरफ चले गए।
गिल के पास अभी दूसरी पारी में मौका बाकी
पहली पारी में भले ही शुभमन गिल सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए लेकिन उनके पास अभी दूसरी पारी में अपने बल्ले से कमाल दिखाने का मौका बाकी है, जिसमें यदि पंजाब की टीम इस मैच में दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरती है तो गिल को खेलते हुए देखने का सभी फैंस को काफी बेसब्री से इंतजार होगा। ऐसे में गिल के पास खुद को न्यूजीलैंड दौरे से पहले परखने का यह आखिरी मौका रहने वाला है। शुभमन गिल आगामी दौरे पर टेस्ट सीरीज से पहले खेली जाने वाली 5 मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में ही कप्तानी की जिम्मेदारी को संभालेंगे ताकि टेस्ट मैचों के लिए उनको थोड़ा तैयारी का मौका मिल सके, जिसमें उनकी गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर को बीसीसीआई की तरफ से आखिरी दो वनडे मैचों के लिए कप्तानी सौंपी गई है।
ये भी पढ़ें
कप्तान श्रेयस अय्यर सीरीज में गेंदबाजों के प्रदर्शन से नहीं रहे खुश, वैभव सूर्यवंशी को मौका ना देने की भी बताई वजह
भुवनेश्वर कुमार ने वापसी के साथ अपने नाम दर्ज कराया अनोखा कारनामा, इस लिस्ट में नंबर-1 की पोजीशन पर पहुंचे
Latest Cricket News