पाकिस्तान अपने घर पर टी20 ट्राई सीरीज की मेजबानी कर रहा है, जिसमें उसके अलावा श्रीलंका और जिम्बाब्वे की टीम हिस्सा ले रही है। इस टी20 ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच 18 नवंबर को रावलपिंडी के मैदान पर खेला गया, जिसको पाकिस्तानी टीम 5 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 147 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद पाकिस्तानी टीम ने 19.2 ओवर्स में इस टारगेट को हासिल कर लिया। वहीं इस ट्राई सीरीज के शुरू होने से एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिम्बाब्वे टीम के कप्तान सिकंदर रजा का एक बयान खूब चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को आईना दिखा दिया।
हमारे लिए नहीं, लेकिन आपके लिए ये जरूर एक झटका हो सकता है
इस टी20 ट्राई सीरीज में पाकिस्तान और श्रीलंका की टीम फाइनल में पहुंचने की मजबूत दावेदार के तौर पर देखी जा रही हैं। वहीं जिम्बाब्वे की टीम को लेकर बात की जाए तो अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए उनके लिए भी ये टूर्नामेंट काफी अहम है। ट्राई सीरीज के शुरू होने से पहले जब जिम्बाब्वे टीम के कप्तान सिकंदर रजा से पूछा गया कि वह पाकिस्तानी टीम को एशिया में किस नंबर पर रैंक करते हैं और यदि जिम्बाब्वे की टीम इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचती है तो ये बाकी लोगों के लिए एक बड़ा अपसेट होगा या नहीं।
इसको लेकर सिकंदर रजा ने अपने जवाब में कहा कि मैं अपने देश की तरफ से यहां आया हूं तो सिर्फ इतना कह सकता हूं पाकिस्तानी टीम एशिया में किसी भी नंबर पर हो इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है, लेकिन जिम्बाब्वे की टीम अफ्रीका में जरूर दूसरे नंबर पर है और हमारी कोशिश हमेशा बेहतर प्रदर्शन करने की होती है। वहीं यदि हम फाइनल में पहुंचते हैं तो ये आप लोगों के लिए एक बड़ा अपसेट होगा क्योंकि मैंने सुना है कि आप लोग हमारे फाइनल में पहुंचने की किसी तरह की कोई उम्मीद नहीं कर रहे हैं, लेकिन ये हमारे लिए किसी तरह का कोई अपसेट नहीं होगा।
जिम्बाब्वे के लिए अगला मुकाबला काफी अहम
ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला गंवाने के बाद अभी लीग स्टेज में जिम्बाब्वे की टीम को तीन और मैच खेलने हैं, जिसमें उसका अगला मैच श्रीलंका की टीम से होगा जो काफी अहम रहने वाला है। इस मुकाबले में जिम्बाब्वे की कोशिश टूर्नामेंट में वापसी करने पर रहेगी, क्योंकि यदि उसे इस मैच में हार का सामना करना पड़ता है तो उसके लिए फाइनल में पहुंचना काफी मुश्किल हो जाएगा। जिम्बाब्वे की टीम को श्रीलंका के खिलाफ 20 नवंबर को रावलपिंडी के मैदान पर टूर्नामेंट में अपना दूसरा मैच खेलेगी।
ये भी पढ़ें
शर्मनाक क्लब में बाबर आजम ने शाहिद अफरीदी को पछाड़ा, अब नंबर-1 बनने से सिर्फ 2 डक दूर
7 साल 285 दिन बाद कमबैक करते ही तोड़ दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 39 साल के खिलाड़ी का अद्भुत कारनामा!
Latest Cricket News