1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वनडे रिटायरमेंट मैच में इमोशनल हुई दिग्गज खिलाड़ी, हार के साथ खत्म हुआ 19 साल का करियर

वनडे रिटायरमेंट मैच में इमोशनल हुई दिग्गज खिलाड़ी, हार के साथ खत्म हुआ 19 साल का करियर

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की टीम को अपने आखिरी लीग मैच में हार का सामना करना पड़ा। वहीं ये मुकाबला उनकी कप्तान सोफी डिवाइन का वनडे में आखिरी मैच था, जिसमें वह मैदान से बाहर आते समय काफी इमोशनल हो गई थी।

Sophie Devine- India TV Hindi
Image Source : AP सोफी डिवाइन

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में न्यूजीलैंड टीम का प्रदर्शन बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिला, जिसमें लीग स्टेज में 7 मुकाबले खेलते हुए वह सिर्फ 1 में ही जीत हासिल करने में कामयाब हो सकी, जिसके चलते वह प्वाइंट्स टेबल में छठे नंबर पर रही। न्यूजीलैंड महिला टीम ने लीग स्टेज में अपना आखिरी मुकाबला 26 अक्टूबर को इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ खेला जिसमें उन्हें 8 विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। कीवी टीम की कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सोफी डिवाइन का ये वनडे में आखिरी मुकाबला भी था, जिसमें उन्हें हार के साथ विदा लेना पड़ा। सोफी अपने रिटायरमेंट मैच के खत्म होने के बाद मैदान से लौटते समय काफी इमोशनल भी हो गई थी।

मैं जीत के साथ जाना चाहती थी

सोफी डिवाइन ने मैच खत्म होने के बाद अपने दिए बयान में इस बात को स्वीकार किया कि उनकी कोशिश जीत के साथ विदा लेने की थी, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। वहीं अपने इमोशनल होने को लेकर सोफी ने कहा कि मैंने जितना सोचा था, उतना नहीं रोई। घोषणा पहले करने का सबसे अच्छा पहलू यही था कि मैं अपनी भावनाओं को समझ पाई। यह आज के दिन का आनंद लेने और 19 साल पहले की शुरुआत को याद करने का मौका था। बता दें कि सोफी न्यूजीलैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा लंबे समय तक खेलने वाली दूसरी महिला खिलाड़ी हैं, जिसमें उनसे आगे सिर्फ सूजी बेट्स हैं।

इंग्लैंड की टीम ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

न्यूजीलैंड महिला टीम वनडे वर्ल्ड कप 2025 के अपने आखिरी लीग मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 168 रनों के स्कोर पर सिमट गई थी, जिसके बाद इंग्लैंड की टीम ने इस टारगेट को 29.2 ओवर्स में हासिल कर लिया। मुकाबला खत्म होने के बाद इंग्लैंड की प्लेयर्स ने सोफी डिवाइन को उनके शानदार वनडे करियर के लिए जहां शुभकामनाएं दी तो वहीं गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। सोफी के वनडे करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने कुल 159 मैच खेले जिसमें 32.66 के औसत से 4279 रन बनाने में कामयाब रही और इसमें 18 अर्धशतकीय और 9 शतकीय पारियां देखने को मिली। वहीं सोफी का गेंद से भी कमाल देखने को मिला 36.28 के औसत से वनडे में कुल 111 विकेट हासिल किए।

ये भी पढ़ें

टूट गया मिताली राज का वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने ODI क्रिकेट में रचा नया इतिहास

पाकिस्तानी टीम के हेड कोच की छुट्टी होना तय, PCB ने अनुबंध नहीं बढ़ाने का लिया फैसला

Latest Cricket News