सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया आज टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मुकाबला खेलने के लिए उतरेगी। वैसे तो सूर्या लंबे समय से भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं, लेकिन उन्हें पहली बार आईसीसी टूर्नामेंट में कप्तानी का मौका मिला है। पहला मुकाबला आज यूएसए के खिलाफ है, जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। इस बीच सूर्यकुमार यादव का एक पुराना दोस्त अब उनके खिलाफ खड़ा हो गया है और आज के मैच में विरोधी टीम से खेलता हुआ नजर आएगा।
भारत में जन्मे मोनांक पटेल हैं यूएसए की टीम के कप्तान
यूएसए की जो टीम इस साल के आईसीसी टी20 विश्व कप में खेल रही है, उसमें केवल चार ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनका जन्म यूएसए में हुआ है। बाकी सारे खिलाड़ी दूसरे देशों में जन्मे बाद में आकर अमेरिका बस गए और उसके बाद उसी के लिए क्रिकेट भी खेलने लगे। जो टीम अमेरिका की है, उसमें तीन खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनका जन्म पाकिस्तान में हुआ है। यूएसए टीम की कमान मोनांक पटेल संभाले हुए हैं। जिनका जन्म भारत के गुजरात में हुआ है। इस बीच भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले मोनांक पटेल ने कहा कि जब टीम यूएसए के लिए खेलती है तो ये मायने नहीं रखता कि वे भारत के है या फिर पाकिस्तानी। पटेल के अलावा भी टीम में कई सारे ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनकी जड़े भारत से जुड़ी हुई हैं।
हरमीत सिंह का जन्म मुंबई में हुआ और मुकाबले भी खेले
हरमीत सिंह भी ऐसे ही एक खिलाड़ी हैं। हरमीत सिंह का जन्म 7 सितंबर 1992 को मुंबई में हुआ था। वे सूर्यकुमार यादव के करीब करीब हमउम्र हैं। वे इस वक्त करीब 33 साल के हो गए हैं। हरमीत सिंह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और एक स्पिन गेंदबाज हैं। हरमीत अब भले ही अमेरिका की टीम से खेल रहे हों, लेकिन इससे पहले वे भारत बी, भारत अंडर 19 और मुंबई के लिए खेल चुके हैं। इतना ही नहीं, वे शेष भारत के लिए खेलते हुए नजर आए थे।
साल 2015 में एक ही टीम के लिए खेल रहे थे सूर्या और हरमीत सिंह
मजे की बात ये है कि कुछ साल पहले ही हरमीत सिंह और सूर्यकुमार यादव एक ही टीम के लिए खेलते थे। ये 2015 का साल था, यानी अब से करीब 11 साल पहले। तब सूर्यकुमार यादव और हरमीत सिंह ने एक ही टीम के लिए छह मैच साथ साथ खेले हैं। ये प्रथम श्रेणी का मुकाबला हुआ करता था। छह मैच साथ खेलने के बाद हरमीत सिंह और सूर्यकुमार यादव केवल एक ही बार अब तक अलग अलग टीमों से आमने सामने आए हैं। साल 2024 में जब टी20 विश्व कप हुआ था, तब भी हरमीत सिंह यूएसए के लिए खेल रहे थे। तब हरमीत सिंह ने भारत के खिलाफ 10 बॉल पर 10 रन बनाए थे। उन्हें अर्शदीप सिंह ने अपना शिकार बनाया था। हालांकि वे गेंदबाजी नहीं कर पाए थे।
एक मैच भारत के खिलाफ खेल चुके हैं हरमीत सिंह
अब फिर से वो वक्त आ गया है कि हरमीत सिंह और सूर्यकुमार यादव एक दूसरे के सामने होंगे। अगर हरमीत को इस बार गेंदबाजी दी गई तो हो सकता है कि वे उस वक्त नजर आएं, जब सूर्यकुमार यादव मिडिल आर्डर में बल्लेबाजी के लिए आएं। उस वक्त नजारा कुछ दिलचस्प जरूर हो जाएगा। भले ही इससे पहले हरमीत सिंह भारत के खिलाफ खेले हों, लेकिन इस बार तो वे उसी मुंबई में खेलेंगे, जहां उनका जन्म हुआ है। देखना होगा कि हरमीत सिंह आज कैसा प्रदर्शन करते हैं।
यह भी पढ़ें
PAK vs NED: गिरते पड़ते जीता पाकिस्तान, 18 ओवर के बाद हारने से बाल- बाल बची टीम
पाकिस्तान की अकड़ टूटी, भारत के खिलाफ मैच खेलने की संभावना, श्रीलंका के आग्रह पर सरकार से बात करेगा PCB
Latest Cricket News