सूर्यकुमार यादव वैसे तो टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के कप्तान हैं, लेकिन आईपीएल में वे कप्तानी नहीं करते हैं। हालांकि सोमवार को उन्हें अचानक कप्तानी करने का मौका मिला और उन्होंने टीम को जीत भी दिला दी। इतना ही नहीं, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी एक धमाकेदार पारी खेली, जो इस सीजन ज्यादा उनके बल्ले से नहीं आई थी। इन सबके बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या मुंबई इंडियंस में सब ठीक है या फिर कुछ और चल रहा है।
एमआई बनाम एलएसजी मैच में सूर्यकुमार यादव ने की कप्तानी
आईपीएल में सोमवार को मुंबई इंडियंस बनाम एलएसजी मैच हुआ। किसी को अंदाजा नहीं था कि हार्दिक पांड्या इस मैच में नहीं खेलेंगे। जब टॉस का वक्त हुआ तो कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार यादव मैदान में आए। उन्होंने बताया कि हार्दिक ठीक नहीं हैं, इसलिए वे इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी की टीम ने 225 से भी ज्यादा रन बना दिए। उसके बाद जरूरी ये हो गया था कि मुंबई इंडियंस की सलामी जोड़ी बड़ी और आक्रामक पारी खेले। रियान रिकल्टन और रोहित शर्मा ने वहीं किया।
रोहित शर्मा और रियान रिकल्टन ने दी टीम को जबरदस्त शुरुआत
पहले विकेट के रूप में जब रियान रिकल्टन आउट हुए तब तक टीम 143 बना चुकी थी। इसी शुरुआत की जरूरत मुंबई इंडियंस को थी, जो मिल चुकी थी। रियान ने 32 बॉल पर 83 रनों की शानदार पारी खेली। इसके बाद जब रोहित शर्मा ने भी 44 बॉल पर 84 रन बनाए। इसमें छह चौके और सात छक्के शामिल रहे। जब रोहित आउट हुए तो टीम का स्कोर 177 रन हो चुका था। अब तक लगातार रोहित से इसी तरह की पारी की उम्मीद की जा रही थी, जो नहीं आई थी। बीच में तो रोहित इंजरी की वजह से बाहर भी हो गए थे, लेकिन जैसे ही सूर्या कप्तान बने रोहित की ना केवल वापसी हुई, बल्कि उन्होंने एक धमाकेदार पारी भी खेल दी।
मुंबई इंडियंस ने आसानी से जीत लिया मैच
मुंबई इंडियंस ने शानदार अंदाज में चार विकेट के नुकसान पर 229 रन बना कर मैच जीत लिया और उस वक्त तक आठ बॉल का खेल शेष भी था। सूर्य का बल्ला भले ही ना चल हो, लेकिन बाकी खिलाड़ियों ने अपना काम बाखूबी अंजाम दिया। लेकिन हार्दिक पांड्या अचानक टीम से बाहर कैसे हो गए और हार्दिक के बाहर होते ही रोहित की वापसी हो गई।
मुंबई की टीम नौवें नंबर पर, अब टॉप 4 में जाना काफी मुश्किल
जो मुंबई इंडियंस की टीम पिछले लगातार तीन मैच हार चुकी थी, उसके अचानक ऐसी कौन सी संजीवनी मिली कि टीम ने धमाकेदार जीत हासिल कर ली। हालांकि उम्मीद की जानी चाहिए कि सब कुछ ठीक हो, लेकिन सवाल उठ रहे हैं। अभी मुंबई की टीम प्लेआफ की रेस से बाहर नहीं हुई है, लेकिन उसके लिए अब टॉप 4 में जाना काफी ज्यादा मुश्किल हो गया है। अब देखना होगा कि हार्दिक की कब तक वापसी होती है। क्या रोहित का यही फार्म जारी रहता है और टीम क्या जीत का सिलसिला जारी रख पाएगी।
यह भी पढ़ें
IPL Points Table: जीत के बाद मुंबई इंडियंस की उम्मीदें जिंदा, अंक तालिका में एलएसजी का खेल खत्म
MI vs LSG: मुंबई ने रचा इतिहास, चेज किया अपना सबसे बड़ा लक्ष्य, लखनऊ को मिली 7वीं हार
Latest Cricket News