T20 World Cup में डबल सुपर ओवर का रोमांच, साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान पर मारी बाजी
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी एक मैच डबल सुपर हुआ हो। इस तरह से अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका की टीमें इतिहास में दर्ज हो गई हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बुधवार को पहला सुपर ओवर मुकाबला खेला गया। ये केवल सुपर ओवर नहीं था, डबल सुपर ओवर हो गया। 20 ओवर का मैच पहले टाई हुआ और जब पहला सुपर ओवर खेला गया तो वो भी टाई हो गया। इसके बाद मैच का रिजल्ट दूसरे सुपर ओवर में चला गया। आखिरकार कड़ी मेहनत और पसीना बहाने के बाद साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान पर बाजी मार ली। इस तरह से जहां एक ओर साउथ अफ्रीका को दो अंक मिल गए, वहीं अफगानिस्तान को इससे महरूम रहना पड़ा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने बनाए थे 187 रन
मुकाबले की बात की जाए तो पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 187 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। अफगानिस्तान के लिए ये आसान लक्ष्य नहीं था। क्विंटन डिकॉक ने 41 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 59 रन बनाए। वहीं रियान रिकल्टन ने 28 बॉल पर ही 61 रन ठोकने का काम किया। आखिर में मार्को यानसेन ने भी 7 बॉल पर तेजी से 16 रन बनाए।
जवाब में अफगानिस्तान ने 187 रन बनाकर मैच टाई करा लिया
इसके जवाब में उतरी अफगानिस्तान की टीम ने भी 187 रन बना दिए। टीम ने 19.4 ओवर की बल्लेबाजी की, लेकिन उनके सारे विकेट चले गए। इसके बाद भी टीम ने साउथ अफ्रीका के बराबर रन बना दिए और मैच टाई हो गया। इसके बाद मुकाबला सुपर ओवर में चला गया। यहां एक बार नहीं, बल्कि दो दो दफा सुपर ओवर हुआ, उसके बाद कहीं जाकर साउथ अफ्रीका की टीम जीत दर्ज कर पाई।
दो बार सुपर ओवर के बाद आया मैच का रिजल्ट
सुपर ओवर का रोमांच भी अपने आप में गजब का था। पहले सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी अफगानिस्तान की टीम ने छह बॉल पर 18 रन बना दिए। इसके बाद जब साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी आई तो उसने भी छह ओवर में 18 रन बना दिए, यानी मैच यहां टाई हो गया। इसके बाद बारी आई दूसरे सुपर ओवर की। इस बार साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह बॉल पर 24 रन बना दिए। जवाब में उतरी अफगानिस्तान की टीम 19 ही रन बना सकी और सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका बाजी मारने में कामयाब हो गई।
सुपर 8 की रेस से बाहर हो गई अफगानिस्तान की टीम
अफगानिस्तान की टीम अब सुपर 8 की रेस से करीब करीब बाहर हो गई है। अफगानिस्तान की टीम को अब अपने बचे हुए दो मैच ना केवल जीतने होंगे, बल्कि बड़े अंतर से जीतने होंगे, ताकि उनका नेट रन रेट अच्छा हो जाए। साथ ही दूसरी टीमें कैसा खेल दिखाती हैं, इसका भी इंतजार करना होगा।
यह भी पढ़ें
SA vs AFG: डबल सुपर ओवर का रोमांच, साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को दी मात
AUS vs IRE Live Score T20 World Cup Match
