AFG vs SA T20 World Cup 2026: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में 11 फरवरी को ग्रुप-डी का अहम मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस रोमांचक मैच में अफगानिस्तान की टीम को साउथ अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में 2 सुपर ओवर देखने को मिले, तब जाकर नतीजा निकला। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 187 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह ने सबसे ज्यादा 3 शिकार किए। वहीं, कप्तान राशिद खान ने 2 विकेट चटकाए। इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 187 रन के स्कोर पर सिमट गई। इस तरह मुकाबला सुपर ओवर में चला गया। अफगानिस्तान ने पहले सुपर ओवर में 17 रन बनाए। इसके बाद साउथ अफ्रीका भी 17 रन बना सकी। इसके बाद मैच दूसरे ओवर में चला गया, जहां पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम ने 23 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए। इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम केशव महाराज के ओवर में 19 रन ही बना सकी।
साउथ अफ्रीका के स्कोर के जवाब में अफगानिस्तान की पारी का आगाज शानदार हुआ। गुरबाज और जादरान ने 4 ओवर में 50 रन स्कोरबोर्ड पर ठोक दिए। हालांकि, अगले ही ओवर में लुंगी एनगिडी ने इब्राहिम जादरान को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। जादरान ने सिर्फ 12 रन बनाए। इसी ओवर में गुलबदीन नायब बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। सेदिक अटल भी छठे ओवर में डक पर आउट हो गए। अफगानिस्तान की पारी अचानक लड़खड़ा गई है। पावरप्ले में अफगानिस्तान ने शुरुआत तो अच्छी की लेकिन 6 ओवर खत्म होने तक 3 बड़े विकेट भी गंवा दिए। 11 ओवर में अफगानिस्तान ने 100 रन का आंकड़ा छू लिया। हालांकि, अंत में आते-आते अफगानिस्तान की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई, लेकिन आखिरी ओवर में रबाडा ने 12 रन लुटा दिए। इस तरह मैच सुपर ओवर में चला गया। पहले सुपर ओवर में भी मैच का नतीजा नहीं आ सका। इसके बाद दूसरे सुपर ओवर में जाकर अफगानिस्तान की टीम ने हार मानी।