T20 World Cup 2026: इन आंकड़ों को देखकर टेंशन में होगी कीवी टीम, पाकिस्तान के खिलाफ जीत पाई है सिर्फ दो मुकाबले
PAK vs NZ Head To Head Record: T20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 मुकाबलों की शुरुआत 21 फरवरी से हो रही है। इस दौरान सुपर-8 में पहला मुकाबला न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।
PAK vs NZ Head To Head Record: T20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 स्टेज के पहले मैच में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीम का आमना-सामना होगा। ये मुकाबला 21 फरवरी को श्रीलंका के आर प्रेमदासा स्टेडियम कोलंबो में खेला जाएगा। ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था, ऐसे में इस मुकाबले में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। इस बीच हम आपको बताएंगे कि टी20 वर्ल्ड कप और इस फॉर्मेट में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का हेड टू हेड रिकॉर्ड कैसा है। वहां किस टीम का पलड़ा भारी है।
T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का पलड़ा है भारी
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच अब तक टी20 वर्ल्ड कप में कुल 7 मैच खेले गए हैं। जिसमें से पाकिस्तान ने 5 मैच में जीत दर्ज की है, वहीं दो मुकाबलों में न्यूजीलैंड ने बाजी मारी है। इन आंकड़ों को देखने के बाद सुपर 8 स्टेज की शुरुआत से पहले न्यूजीलैंड का खेमा जरूर टेंशन में होगा। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला 2022 में खेला गया था। उस मैच में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था। ऐसे में अब इस मुकाबले को जीतकर कीवी टीम पाकिस्तान के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को सुधारना चाहेगी।
PAK vs NZ: T20 फॉर्मेट में कैसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड?
ओवरऑल टी20 फॉर्मेट में दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात करें तो वहां पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 49 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से न्यूजीलैंड को 23 मैच में जीत मिली है। वहीं पाकिस्तान ने 24 मैचों में बाजी मारी है। इन आंकड़ों को देखकर हम कह सकते हैं दोनों के बीच बराबरी की टक्कर है। इस फॉर्मेट में पाकिस्तान ने अक्सर कीवी टीम को काफी परेशान किया है। न्यूट्रल वेन्यू पर दोनों टीमों के बीच 14 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 11 मुकाबलों में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में कैसा रहा है पाक और कीवी टीम का प्रदर्शन?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड ने ग्रुप स्टेज में कुल 4 मैच खेले जिसमें से उन्हें 3 में जीत मिली और एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कीवी टीम को एकमात्र हार साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली। ऐसा ही कुछ हाल पाकिस्तान का भी रहा, उन्होंने भी ग्रुप स्टेज में 4 मैच खेले जिसमें से 3 में जीत और एक में हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान को एकमात्र हार टीम इंडिया से मिली थी। अब इस मैच में दोनों टीमों का प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तान के पहले ही सुपर 8 मुकाबले में पड़ेगा खलल! क्या बारिश बनेगी विलेन
ऑस्ट्रेलिया ने विदाई वाले मुकाबले में किया कमाल, टी20 विश्व कप के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
