A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी20 वर्ल्ड कप से पहले ओपनिंग जोड़ी ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन, इंग्लैंड सीरीज में नहीं चला बल्ला

टी20 वर्ल्ड कप से पहले ओपनिंग जोड़ी ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन, इंग्लैंड सीरीज में नहीं चला बल्ला

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय महिला टीम की सलामी जोड़ी शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना का बल्ला नहीं चला। ये दोनों खिलाड़ी इस सीरीज में एक भी अर्धशतक नहीं बना पाई।

Smriti Mandhana & Shafali Varma- India TV Hindi
Image Source : PTI स्मृति मंधाना & शैफाली वर्मा

भारतीय महिला टीम इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद अब भारतीय टीम वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में खेलती हुई नजर आएगी। लेकिन इस ICC टूर्नामेंट से पहले स्मृति मंधना और शैफाली वर्मा की जोड़ी ने टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी है। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में इन दोनों प्लेयर्स का बल्ला नहीं चला। इस स्टार सलामी जोड़ी के लगातार फ्लॉप प्रदर्शन ने कप्तान और टीम मैनेजमेंट की चिंता को बढ़ा दिया है। भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ 14 जून को खेलेगी।

इंग्लैंड सीरीज में टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाईं मंधाना और शैफाली की जोड़ी

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की स्टार ओपनिंग जोड़ी पूरी तरह फ्लॉप रही है, जो आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम के लिए बड़ी चिंता का विषय है। सीरीज के पहले मैच में तो मंधाना खाता खोले बिना (गोल्डन डक) ही आउट हो गईं और दोनों मिलकर एक रन भी नहीं जोड़ सकीं। इसके बाद दूसरे मैच में दोनों के बीच सिर्फ 21 रन और तीसरे मैच में महज 19 रन की ही साझेदारी हो सकी। इन तीनों ही मैचों के आंकड़े साफ दिखाते हैं कि यह सलामी जोड़ी टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रही है। वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से ठीक पहले दोनों बल्लेबाजों का इस तरह फॉर्म से बाहर होना टीम मैनेजमेंट के लिए एक बड़ा सिरदर्द बन गया है।

इंग्लैंड सीरीज में कैसा रहा शैफाली और स्मृति का प्रदर्शन

इंग्लैंड के खिलाफ इस टी20 सीरीज में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। अगर आंकड़ों पर नजर डालें, तो शेफाली वर्मा ने 3 मैचों में केवल 35 रन बनाए, जिसमें उनका हाईएस्ट स्कोर 22 रन था। वहीं स्मृति मंधाना की स्थिति भी कुछ खास नहीं रही; उन्होंने 3 मैचों में कुल 40 रन जोड़े, जिसमें से 32 रन तो उन्होंने अकेले दूसरे मैच में ही बना दिए थे। इससे ये साफ है कि दोनों स्टार ओपनर्स उम्मीद के मुताबिक खेल नहीं पाई हैं। अब चूंकि टी20 वर्ल्ड कप बेहद करीब है, ऐसे में टीम इंडिया की इस सलामी जोड़ी को वापस फॉर्म में लौटने और अपना खोया हुआ आत्मविश्वास हासिल करने के लिए नेट्स पर कड़ी मेहनत करनी होगी, ताकि वे आगामी बड़े टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत कर सकें।

तीसरे मैच के लिए टीम इंडिया ने किया बदलाव

भारत और इंग्लैंड महिला टीमों के बीच खेले जा रहे तीसरे टी20 मैच की बात करें तो वहां इंग्लैंड की कप्तान चार्ली डीन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग XI में एक बदलाव किया है। उन्होंने श्रेयांका पाटिल की जगह क्रांति गौड़ को टीम में शामिल किया है। तीन मैचों की ये सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। जो भी टीम ये मैच जीतेगी वह सीरीज अपने नाम कर लेगी।

यह भी पढ़ें

IND vs AFG: BCCI का बड़ा फैसला, 10 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी को बनाया स्पिन बॉलिंग कोच

सूर्यकुमार यादव का हुआ बुरा हाल, आईपीएल के बाद अब लोकल टूर्नामेंट में भी नहीं बन रहे हैं रन

Latest Cricket News