1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AFG: BCCI का बड़ा फैसला, 10 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी को बनाया स्पिन बॉलिंग कोच

IND vs AFG: BCCI का बड़ा फैसला, 10 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी को बनाया स्पिन बॉलिंग कोच

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 02, 2026 06:00 pm IST,  Updated : Jun 02, 2026 06:04 pm IST

IND vs AFG: भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से पहले नया स्पिन बॉलिंग कोच मिला है। ये टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।

Sairaj Bahutule- India TV Hindi
साईराज बहुतुले Image Source : PTI

भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से खेलेगी। इस टेस्ट मैच से पहले बीसीसीआई ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने पूर्व भारतीय स्पिनर साईराज बहुतुले को टीम इंडिया का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। वे न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से यह नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही, 53 साल के बहुतुले व्हाइट बॉल क्रिकेट (वनडे और टी-20) की क्रिकेट में भी भारतीय स्पिनर्स के साथ मिलकर काम करेंगे।

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के साथ थे साईराज बहुतुले 

इससे पहले साईराज बहुतुले आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) टीम के स्पिन-गेंदबाजी कोच थे। वे घरेलू क्रिकेट में केरल और बंगाल की टीमों के साथ भी काम कर चुके हैं। बहुतुले साल 2018 से 2021 तक राजस्थान रॉयल्स के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे, जिसके बाद वे नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) से जुड़े। जब राहुल द्रविड़ भारतीय टीम के हेड कोच थे, तब बहुतुले ने इंडिया-ए और कुछ इंटरनेशनल सीरीज के दौरान अस्सिस्टेंट कोच के तौर पर काम किया था। इसके बाद, वे आईपीएल 2025 में एक साल के लिए दोबारा राजस्थान रॉयल्स की टीम से जुड़े थे।

टीम इंडिया के लिए 10 इंटरनेशनल मैच खेल पाए थे साईराज

बहुतुले का इंटरनेशनल करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा। उन्होंने 1997 में भारत के लिए अपना पहला मैच खेला और 2003 में उन्होंने अपने आखिरी मैच खेल लिया था। इस दौरान वे केवल 10 इंटरनेशनल (दो टेस्ट और आठ वनडे) मैच ही खेल पाए। हालांकि डोमेस्टिक क्रिकेट में उनका प्रदर्शन बहुत शानदार था। करीब 20 साल लंबे अपने करियर में उन्होंने 188 फर्स्ट-क्लास मैचों में 630 विकेट और 143 लिस्ट-ए मैचों में 197 विकेट अपने नाम किए थे।

मोर्ने मोर्केल हैं टीम इंडिया के बॉलिंग कोच

भारतीय टीम के पास इससे पहले कोई स्पिन-गेंदबाजी कोच नहीं था। ऐसे में साईराज बहुतुले अब टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के साथ काम करेंगे। इस कोचिंग स्टाफ में सितांशु कोटक (बल्लेबाजी कोच), मोर्ने मोर्कल (तेज गेंदबाजी कोच), टी दिलीप (फील्डिंग कोच) और रयान टेन डोशेट (सहायक कोच) भी शामिल हैं। 6 जून को भारतीय टीम साल का अपना पहला टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। भारत और अफगानिस्तान के बीच ये मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।

WTC 2025-27 में छठे नंबर पर है टीम इंडिया

अगर भारतीय टेस्ट टीम की बात करें, तो टीम इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में छठे स्थान पर है। भारत ने इस WTC चक्र में अब तक चार टेस्ट जीते हैं, चार हारे हैं और एक मैच ड्रॉ रहा है। भारतीय टीम को अपने घर में खेली गई पिछली तीन टेस्ट सीरीज में से दो में हार का सामना करना पड़ा है।

यह भी पढ़ें

ICC Ranking: वुमेंस रैंकिंग में बड़ा उलटफेर, भारतीय गेंदबाज ने लगाई लंबी छलांग, टॉप-5 में मारी एंट्री

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इकट्ठा कर रहे अलग- अलग तरह के डक, एलेक्स कैरी वनडे की पहली ही बॉल पर आउट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल