1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जोस बटलर का बड़ा कारनामा, बने 10 हजार व्हाइट बॉल रन बनाने वाले पहले अंग्रेज बल्लेबाज

जोस बटलर का बड़ा कारनामा, बने 10 हजार व्हाइट बॉल रन बनाने वाले पहले अंग्रेज बल्लेबाज

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 25, 2026 03:54 pm IST,  Updated : Sep 25, 2026 03:54 pm IST

जोस बटलर इंग्लैंड के लिए लिमिटेड ओवर क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान उन्होंने इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया।

Jos Buttler- India TV Hindi
जोस बटलर Image Source : AP

इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच हेडिंग्ले लीड्स में खेला गया। इस मैच में श्रीलंका ने इंग्लैंड को 16 रनों से हराकर इस सीरीज की पहली जीत दर्ज की। इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने इस मैच में शानदार अर्धशतक लगाया। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान बटलर ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने व्हाइट बॉल क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे किए हैं और ऐसा करने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। अब तक कोई भी अंग्रेज बल्लेबाज इस रिकॉर्ड को अपने नाम नहीं कर पाया था।

व्हाइट बॉल क्रिकेट में कैसा रहा है जोस बटलर का प्रदर्शन?

जोस बटलर ने वनडे क्रिकेट में उन्होंने 204 मैचों की 176 पारियों में लगभग 39 की औसत और शानदार 115 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 5678 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 11 शतक और 30 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें उनका बेस्ट प्रदर्शन नाबाद 162 रन का रहा है। वह वनडे में इंग्लैंड की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।

वहीं दूसरी तरफ, टी20 अंतरराष्ट्रीय में बटलर इंग्लैंड के सबसे सफल बल्लेबाज हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने 163 मैचों की 150 पारियों में करीब 35 की औसत और 150 की तूफानी स्ट्राइक रेट से 4384 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 30 अर्धशतक शामिल हैं। इसी के साथ व्हाइट बॉल क्रिकेट में जोस बटलर का प्रदर्शन और भी अच्छा हो गया है। उन्होंने अब तक कुल 367 मैचों की 326 पारियों में 37 से ज्यादा की औसत से 10062 रन बना लिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 13 शतक और 60 अर्धशतक निकले हैं, जो उनकी काबिलियत को बखूबी दिखाता है।

इंग्लैंड बनाम श्रीलंका दूसरा वनडे का हाल

इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच की बात करें तो वहां श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 321 रन बनाए थे। श्रीलंका की तरफ से इस मैच में कुसल मेंडिस ने 100 गेंदों में 121 रन की पारी खेली थी। जवाब में इंग्लैंड की टीम 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 305 रन ही बना सकी। इंग्लैंड की तरफ से इस मैच में टॉम बैंटन (73 रन), बेन डकेट (67 रन), जोस बटलर (69 रन) और विल जैक्स (52 रन) ने अर्धशतक लगाया।

यह भी पढ़ें

नेपाल क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान को हराकर किया बड़ा उलटफेर, एशियन गेम्स में क्वार्टर फाइनल का पेच फंसा

विराट कोहली का कैसा है तिरुवनंतपुरम के स्टेडियम में वनडे रिकॉर्ड? अब तक एक भी बार नहीं हुए आउट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।