1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को किया अपने नाम, देखें अब तक ट्रॉफी जीतने वाली सभी टीमों की लिस्ट

टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को किया अपने नाम, देखें अब तक ट्रॉफी जीतने वाली सभी टीमों की लिस्ट

भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम को 96 रनों से मात देने के साथ तीसरी बार इस खिताब को अपने नाम करने के साथ इतिहास रच दिया है।

Suryakumar Yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI सूर्यकुमार यादव

भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया है, जिसमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले को वह 96 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रहे। टीम इंडिया इसी के साथ टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में घर पर ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई है और साथ ही सबसे ज्यादा बार भी इस ट्रॉफी को अपने नाम करने वाली टीम भी।

भारतीय टीम ने साल 2007, 2024 और 2026 में की ट्रॉफी अपने नाम

साल 2007 में जब पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेला गया था तो उसमें टीम इंडिया ने एमएस धोनी की कप्तानी में इस टूर्नामेंट में खेला था। इसके फाइनल मैच में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से हुआ था जिसे टीम इंडिया ने जीतकर पहली बार में ही ट्रॉफी को अपने नाम किया था। इसके बाद टीम इंडिया को दूसरी बार ट्रॉफी जीतने में 17 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। रोहित शर्मा की कप्तानी में साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को मात देने के साथ दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद भारतीय टीम साल 2026 में भी ट्रॉफी अपने नाम करने में कामयाब रही है।

वेस्टइंडीज ने साल 2012 और 2016 में खिताब किया अपने नाम

टी20 फॉर्मेट में एक समय वेस्टइंडीज की टीम का दबदबा देखने को मिलता था, जिसमें उन्हें टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को पहली बार साल 2012 में जीता था। इसके बाद उन्हें दूसरी बार इस खिताब को जीतने में ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा, जिसमें साल 2016 के टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल जो कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया था, उसमें विंडीज टीम ने इंग्लैंड को मात देते हुए दूसरी बार ट्रॉफी जीती थी।

इंग्लैंड ने साल 2010 और 2022 में जीती टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी

इंग्लैंड की टीम भी दो बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अब तक जीतने में कामयाब रही है। साल 2010 में इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को मात देते हुए पहली बार खिताब जीता था। इसके बाद साल 2022 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में इंग्लैंड ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर पाकिस्तानी टीम को मात देने के साथ दूसरी बार इस खिताब को जीतने में कामयाब रही थी।

पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया ने एक-एक बार जीता है खिताब

टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अब तक पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया सिर्फ एक-एक बार जीतने में कामयाब हो सकी हैं। पाकिस्तानी टीम ने साल 2009 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में श्रीलंका को मात देते हुए ट्रॉफी जीती थी। श्रीलंका ने साल 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को फाइनल मैच में मात देने के साथ पहली बार इस ट्रॉफी को जीता था। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम को मात देने के साथ ट्रॉफी अपने नाम की थी।

साल 2007 से लेकर अब तक टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने में वाली टीमें

साल विजेता टीम रनरअप टीम
2007 भारत पाकिस्तान
2009 पाकिस्तान श्रीलंका
2010 इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया
2012 वेस्टइंडीज श्रीलंका
2014 श्रीलंका भारत
2016 वेस्टइंडीज इंग्लैंड
2021 ऑस्ट्रेलिया न्यूजीलैंड
2022 इंग्लैंड पाकिस्तान
2024 भारत साउथ अफ्रीका
2026 भारत न्यूजीलैंड

ये भी पढ़ें

IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में कैसा रहने वाला है अहमदाबाद की पिच का मिजाज, टॉस हो सकता है अहम

IND vs NZ: अक्षर पटेल फाइनल में टीम इंडिया के लिए बन सकते हैं सबसे बड़े ट्रंप कार्ड, फिन एलन और फिलिप्स को इतनी बार किया आउट

Latest Cricket News