भारतीय टीम को अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ खेलना है। डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया लगातार दूसरी पार इस टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह को बनाने में कामयाब रही है। ग्रुप स्टेज से लेकर सेमीफाइनल तक के सफर में टीम इंडिया ने सिर्फ एक मुकाबले में हार का सामना किया जबकि बाकी के सभी मैच जीतने में कामयाब रहे हैं। इस दौरान हर मैच में किसी ना किसी खिलाड़ी ने अहम भूमिका निभाई है, जिसके बाद फाइनल मैच में कौन खिलाड़ी टीम इंडिया को कप जिताने में सबसे बड़ा योगदान देने में कामयाब होता है, इसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। इसमें जो नाम सबसे आगे दिख रहा है वह उपकप्तान अक्षर पटेल का है जिनका कीवी टीम के अहम खिलाड़ियों के खिलाफ अब तक शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला है।
अक्षर पटेल ने अभी तक इस टी20 वर्ल्ड कप में गेंदबाजी से बीच के ओवर्स में अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है, जिसमें अब फाइनल मैच में उनपर सभी की नजरें रहने वाली हैं। न्यूजीलैंड टीम के धाकड़ ओपनिंग बल्लेबाज फिन एलन जिन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में सिर्फ 33 गेंदों में शतकीय पारी खेली थी उनका अक्षर पटेल के खिलाफ रिकॉर्ड देखा जाए तो उन्होंने 10 गेंदों का सामना करते हुए जहां 15 रन बनाए हैं तो एक बार आउट भी हुए हैं। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स के खिलाफ अक्षर पटेल ने 21 गेंदें अब तक फेंकी हैं और उसमें उन्होंने सिर्फ 31 रन दिए हैं जबकि तीन बार विकेट लेने में कामयाब रहे हैं।
| बल्लेबाज | गेंद | रन | आउट |
| ग्लेन फिलिप्स | 21 | 31 | 3 |
| डेरिल मिचेल | 26 | 34 | 2 |
| मार्क चैपमैन | 24 | 33 | 2 |
| फिन एलन | 10 | 15 | 1 |
टीम इंडिया के स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी अक्षर पटेल का न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में रिकॉर्ड देखा जाए तो उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ अब तक कुल 7 मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह 20 के औसत से 10 विकेट अपने नाम करने में कामयाब हुए हैं। वहीं अक्षर पटेल के इकॉनमी रेट को लेकर बात की जाए तो उसमें वह 7.84 का रहा है। अक्षर पटेल का न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 9 रन देकर तीन विकेट है।
ये भी पढ़ें
संपादक की पसंद