1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया पर लगेगा एक और धब्बा, टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार के करीब

टीम इंडिया पर लगेगा एक और धब्बा, टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार के करीब

ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम इंडिया उस मुकाम पर है, जहां उसे अपने टेस्ट ​क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ सकता है। इससे बचने के लिए कोई करिश्मा ही चाहिए।

rishabh pant- India TV Hindi
Image Source : PTI ऋषभ पंत

India vs South Africa 2nd Test: भारतीय क्रिकेट टीम की कलई अब पूरी तरह खुल गई है। ना तो टीम से बल्लेबाजी हो रही है और ना ही गेंदबाजी कर पा रही है। साउथ अफ्रीका के सामने टीम ऐसे खेल रही है, जैसे कोई नौसिखिया हो। इस बीच भारतीय टीम पर एक और धब्बा लग सकता है। टीम इंडिया अपने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी हार के करीब पहुंच गई है। अगर कोई बल्लेबाज खड़ा नहीं हुआ तो फिर ये हार बहुत ज्यादा दूर नहीं है। 

साल 2004 में भारत को मिली थी टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी हार

भारतीय क्रिकेट टीम को अपने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी हार ऑस्ट्रेलिया ने दी थी। ये था साल 2004 और स्टेडियम था नागपुर का। तब ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत के सामने चौथी पारी में जीत के लिए 543 रनों का लक्ष्य रखा था, तब टीम इंडिया 342 रनों से हारी थी। ये रिकॉर्ड अभी तक कायम है, लेकिन 26 नवंबर को रहेगा कि नहीं, ये कहना मुश्किल है। मजे की बात तो ये है कि तब ऑस्ट्रेलिया ने 543 रनों का ही लक्ष्य रखा था, लेकिन इस बार साउथ अफ्रीका ने 549 रनों का टारगेट रखा है। 

ना तो गेंदबाज चल रहे और ना ही बल्लेबाज 

भारतीय टीम इस साउथ अफ्रीका सीरीज के दौरान बुरी तरह से नाकाम रही है। जब टीम इंडिया बल्लेबाजी करती है तो ​ऐसा लगता है कि पिच बॉलिंग फ्रेंडली है और जब भारतीय टीम गेंदबाजी करती है तो पिच बैटिंग के लिए मुफीद हो जाती है। ना तो बल्लेबाज बैटिंग कर पा रहे हैं और ना ही गेंदबाज गेंदबाजी कर पा रहे हैं। हर मोर्चो पर नाकामी की नई मिसाल देखने के लिए मिल रही है। साउथ अफ्रीका की टीम यहां कमाल का खेल दिखा रही है। भारत में आकर भारत को हराना आसान काम नहीं होता, लेकिन साउथ अफ्रीकी टीम तो यहां उस मुहाने पर है, जहां भारतीय टीम का सीरीज में सूपड़ा ही साफ हुआ जा रहा है। 

खिलाड़ियों को नहीं पता अपना ही काम

दरअसल दिक्कत ये भी है कि किसी भी खिलाड़ी को ठीक से यही नहीं पता है कि उन्हें क्या करना है। बल्लेबाज का बैटिंग आर्डर तक तय नहीं है। वॉशिंगटन सुंदर लेकर साई सुदर्शन तक बल्लेबाज हर मैच में नई जगह बैटिंग के लिए उतर रहे हैं। अब देखना ये होगा कि आखिरी दिन जब मैच होगा तो क्या टीम इंडिया इस मैच को ड्रॉ करा पाएगी। वैसे तो क्रिकेट में कब क्या हो जाए कहा नहीं जा सकता, लेकिन अब इस मैच के दो ही रिजल्ट दिखाई दे रहे हैं। पहला तो टीम इंडिया की करारी हार और नहीं तो मैच ड्रॉ हो जाएगा। ड्रॉ कराना भी यहां से काफी मुश्किल काम नजर आ रहा है। 

यह भी पढ़ें 

साउथ अफ्रीका ने ध्वस्त किया ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड, 31 साल बाद किसी टीम ने भारत में किया ये करिश्मा

टीम इंडिया पर लग सकता है एक और दाग, 30 साल पुराना सिलसिला टूटने की कगार पर

Latest Cricket News