भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च पहुंच चुकी है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर भारतीय खिलाड़ियों के क्राइस्टचर्च एयरपोर्ट पहुंचने की तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी समेत टीम के अन्य सदस्य अपने सामान के साथ नजर आए। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20I सीरीज की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी। इसके बाद दोनों टीमें पांच ODI और दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेलेंगी। सीनियर टीम की टेस्ट सीरीज से पहले भारत ए को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन अनौपचारिक टेस्ट मैच भी खेलने हैं।
IND vs NZ सीरीज को लेकर जबरदस्त उत्साह
टीम इंडिया के पहुंचने से पहले ही न्यूजीलैंड में इस सीरीज का क्रेज देखने को मिल रहा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, भारत के इस दौरे के लिए अब तक 1.10 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। इनमें से 63 हजार टिकट केवल पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए खरीदे गए हैं।
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में होने वाले दोनों T20I मुकाबलों और हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले जाने वाले मैच के टिकट पूरी तरह बिक चुके हैं। वहीं, ऑकलैंड के ईडन पार्क में 30 अक्टूबर को होने वाले चौथे T20I मुकाबले के लिए भी टिकटों की मांग लगातार बढ़ रही है। न्यूजीलैंड क्रिकेट को उम्मीद है कि ईडन पार्क में भारत के खिलाफ होने वाला यह मुकाबला द्विपक्षीय क्रिकेट मैच में मैदान पर सबसे ज्यादा दर्शकों की मौजूदगी का रिकॉर्ड तोड़ सकता है। इस मैदान पर द्विपक्षीय मुकाबले के लिए अब तक 36523 दर्शकों का रिकॉर्ड दर्ज है। टिकटों की बिक्री की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए स्टेडियम की क्षमता अगले सप्ताह की शुरुआत में ही पूरी होने की उम्मीद जताई गई है।
सभी स्टेडियम हाउसफुल रहने की उम्मीद
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य मार्केटिंग और कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने भारत के दौरे को लेकर मिल रहे समर्थन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सीरीज शुरू होने से पहले ही पांच में से चार T20 मुकाबलों का हाउसफुल होने के करीब पहुंचना शानदार है।
क्रिचली के मुताबिक, क्रिकेट प्रशंसक गर्मियों के सीजन की शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं और T20 वर्ल्ड चैंपियन भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलने से बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती। उन्होंने यह भी कहा कि क्राइस्टचर्च में दोनों टीमों के पहुंचने के बाद माहौल और उत्साह बढ़ गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत के खिलाफ ऑकलैंड में होने वाला मुकाबला दर्शकों की संख्या के लिहाज से यादगार साबित होगा। न्यूजीलैंड क्रिकेट और मेजबान शहर इस दौरे को खिलाड़ियों और फैंस, दोनों के लिए खास बनाने की तैयारी में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें:
स्टीफन फ्लेमिंग का बड़ा बयान, कहा- इंग्लैंड का कोच अंग्रेज ही होना चाहिए, बताई अपनी प्राथमिकता
जसप्रीत बुमराह को तीनों फॉर्मेट नहीं खेलना चाहिए, टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच ने क्यों दिया ऐसा बयान
Latest Cricket News