1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया को तीन हार के बाद मिली पहली जीत, बांग्लादेश को दी मात, शशांक सिंह ने 15 गेंदों में ठोके 50 रन

टीम इंडिया को तीन हार के बाद मिली पहली जीत, बांग्लादेश को दी मात, शशांक सिंह ने 15 गेंदों में ठोके 50 रन

हांगकांग सिक्सेस में टीम इंडिया को पहली जीत मिल गई है। लगातार तीन हार के बाद टीम इंडिया को ये जीत मिली है। उन्होंने बांग्लादेश को 5 विकेट से हरा दिया है।

Shashank Singh- India TV Hindi
Image Source : PTI शशांक सिंह

हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में भारतीय टीम को आखिरकार पहली जीत मिल गई है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया शुरुआती तीन मैच लगातार हार गई थी, लेकिन अब उन्होंने बांग्लादेश को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की है। 1 नवंबर को मिशन रोड ग्राउंड पर खेले गए रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को आखिरी गेंद पर 5 विकेट से हराकर यह शानदार जीत अपने नाम की। इस जीत के हीरो क्रुणाल पांड्या और शशांक सिंह रहे। क्रुणाल ने 3 विकेट लिए। वहीं शशांक सिंह ने 50 रनों की पारी खेली।

बांग्लादेशी कप्तान अबू हिदर रोनी ने बनाए 62 रन

इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बैटिंग करते हुए बांग्लादेश की टीम ने 6 ओवर में 5 विकेट खोकर 116 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से कप्तान अबू हिदर रोनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों पर 8 छक्कों और 3 चौकों की मदद से नाबाद 62 रनों की आतिशी पारी खेली। इसके अलावा, हबीबुर रहमान सोहन ने 6 गेंदों पर 18 रन, सब्बीर रहमान ने 4 गेंदों पर 13 रन और चौधरी मोहम्मद रिजवान ने 5 गेंदों पर 12 रनों का योगदान दिया। टीम इंडिया के कप्तान क्रुणाल पांड्या ने इस 2 ओवर गेंबाजी की और 25 रन देकर 3 विकेट झटके। जबकि राहुल त्रिपाठी को 1 विकेट मिला।

शशांक सिंह ने 15 गेंदों में बनाए 50 रन

117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने यह मुकाबला आखिरी गेंद पर जीत लिया। शशांक सिंह ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों पर 7 छक्कों और 1 चौके की मदद से 50 रन बनाए और फिर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। इसके अलावा राहुल त्रिपाठी ने 12 गेंदों पर 32 रन बनाए जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। नितीश राणा ने 4 गेंदों पर नाबाद 10 रन और राहुल तेवतिया ने 5 गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। शानदार प्रदर्शन के लिए क्रुणाल पांड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले ग्रुप-सी में खेल रही भारतीय टीम को अपने शुरुआती तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा था, जहां उसे पहले मैच में पाकिस्तान से 4 विकेट से, दूसरे मैच में यूएई से 6 विकेट से और तीसरे मैच में इंग्लैंड से 3 विकेट से हार मिली थी।

यह भी पढ़ें

ध्रुव जुरेल ने इंडिया ए के लिए खेली कप्तानी पारी, 105 रन बनाकर हुए आउट, आकाशदीप ने भी लगाई फिफ्टी

फखर जमां ने शतक लगाकर की कुमार संगकारा की बराबरी, लिस्ट में विराट कोहली नंबर 1 पर

Latest Cricket News