साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा अपनी एक और सेंचुरी से केवल एक रन दूर थे। टीम के 9 विकेट गिर चुके थे। उम्मीद की जा रही थी कि कप्तान अपना शतक पूरा कर लेंगे, केवल एक ही रन तो चाहिए, लेकिन उन पर अपनी ही गलती भारी पड़ गई। वे 99 के स्कोर पर आउट हो गए। ये सब कुछ दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन और ईस्ट जोन के बीच मुकाबले के दौरान हुआ।
ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जा रहा है दलीप ट्रॉफी का फाइनल
दलीप ट्रॉफी के फाइनल में इस वक्त साउथ जोन और ईस्ट जोन की टीमें आमने सामने हैं। ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 708 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। इसमें कप्तान ईशान किशन की 270 रनों की जबरदस्त पारी भी शामिल रही। इसके बाद जब साउथ जोन की टीम बैटिंग के लिए उतरी तो एक एक कर विकेट गिरते चले गए। केवल कप्तान तिलक वर्मा ने अच्छी बल्लेबाजी की। मैच के तीसरे दिन वे नाबाद लौटे और उम्मीद की जा रही थी कि वे अपना शतक पूरा कर लेंगे। तीसरे दिन का जब खेल खत्म हुआ, तब तक टीम के छह विकेट गिरे थे। चौथे दिन भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। हालांकि तिलक वर्मा एक छोर पर टिके रहे। जब टीम के नौ विकेट गिरे तो शंका हुई कि अब तिलक के शतक का क्या होगा।
99 रन पर सिंगल लेने के प्रयास में आउट हो गए तिलक
सवाल बस यही था कि दूसरे छोर पर एमडी निधीश कुछ बैटिंग करें तो तिलक का सैकड़ा हो जाएगा, लेकिन किसे पता था कि तिलक वर्मा खुद ही आउट हो जाएंगे। मोहम्मद कुरैशी की एक ऑफ स्टम्प के बाहर अच्छी बॉल पर तिलक ड्राइव के लिए जगह बना रहे थे। वे टर्न के खिलाफ खेलने की कोशिश में थे। उनका बल्ला हल्का सा घूमा और सीधे बॉलर को वापस बॉल चली गई। कुरैशी ने शानदार कैच पकड़कर तिलक की पारी का अंत कर दिया। तिलक ने 211 बॉल खेलकर 99 रन बनाए, इसमें 9 चौके शामिल रहे।
पहली पारी के आधार पर पिछड़ गई है साउथ जोन की टीम
इस तरह से साउथ जोन की पूरी टीम केवल 336 रन पर ही आउट हो गए। ईस्ट जोन के बड़े स्कोर के जवाब में टीम आधे स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाई और पहली पारी के आधार पर 372 रन पीछे रह गई। अभी तो मैच चौथे दिन में है, लेकिन ऐसा लगता है कि इस मैच को पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन की टीम जीत जाएगी और वो विजेता बनेगी।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तान क्रिकेट का बंटाधार करने के बाद बड़बोले हुए बाबर आजम, टीम का सूपड़ा साफ होने के करीब
महिला टी20 एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत के सामने होगी बांग्लादेश की चुनौती, हेड टू हेड में ऐसा रहा है रिकॉर्ड
Latest Cricket News