A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. VIDEO: ग्लव्स बदलने से रोका, तो अंपायर पर भड़के नितीश राणा, स्टब्स ने गुस्से में पटका हेलमेट

VIDEO: ग्लव्स बदलने से रोका, तो अंपायर पर भड़के नितीश राणा, स्टब्स ने गुस्से में पटका हेलमेट

IPL 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी सीजन की पहली जीत नसीब हुई। चेन्नई ने संजू सैमसन के धमाकेदार शतक के दम पर दिल्ली को 23 रनों से मात दी।

IPL 2026- India TV Hindi
Image Source : VIDEO SCREENGRAB/JIOHOTSTAR नीतिश राणा और ट्रिस्टन स्टब्स

CSK vs DC: IPL 2026 में शनिवार यानी 11 अप्रैल को चेपॉक के मैदान पर खेले गए मुकाबले में जहां चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरकार अपनी पहली जीत दर्ज की, वहीं इस मैच का एक विवादित पल भी सुर्खियों में रहा। दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स को ग्लव्स बदलने की अनुमति नहीं मिलने पर मैदान पर जमकर बहस देखने को मिली।

चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराकर इस सीजन में जीत का खाता खोला। इस जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने CSK की जर्सी में अपना पहला शतक जड़ते हुए 56 गेंदों पर नाबाद 115 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी में 4 छक्के और 15 चौके शामिल रहे। वहीं, जेमी ओवरटन ने गेंदबाजी में कमाल करते हुए चार विकेट झटके। सैमसन की इस दमदार पारी ने फैंस को काफी राहत दी, जो एमएस धोनी के खेलने का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस के दौरान साफ किया था कि धोनी होटल में रहकर टीम को सपोर्ट कर रहे हैं और जल्द ही मैदान पर नजर आएंगे।

विवाद ने खींचा सबका ध्यान

इस मैच के दौरान सबसे बड़ा विवाद उस समय हुआ जब दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने बल्लेबाजी के दौरान ग्लव्स बदलने की मांग की। चेन्नई की गर्मी और उमस के बीच स्टब्स पसीने से तर-बतर थे और यह बदलाव उनके लिए बेहद जरूरी था। लेकिन ऑन-फील्ड अंपायरों ने खेल में देरी का हवाला देते हुए उनकी यह मांग ठुकरा दी। इसके तुरंत बाद अगली ही गेंद पर स्टब्स आउट हो गए, जिससे वह काफी निराश नजर आए। स्टब्स के आउट होते ही दिल्ली के खेमे में गुस्सा फूट पड़ा। नितीश राणा बाउंड्री अंपायर से बहस करते दिखे, जबकि स्टब्स खुद भी काफी नाराज नजर आए। पवेलियन लौटते समय उन्होंने फोर्थ अंपायर से तीखी बातचीत की और गुस्से में अपना हेलमेट पटक दिया।

मैच के बाद भी चर्चा जारी

यह घटना मैच के बाद भी चर्चा का विषय बनी रही। फैंस ने सवाल उठाए कि क्या अंपायरों को ऐसे हालात में खिलाड़ियों को राहत देनी चाहिए थी। हालांकि, नियमों के मुताबिक अंपायर खेल में अनावश्यक देरी को रोकने के लिए ऐसे फैसले ले सकते हैं, लेकिन इस मामले ने खेल भावना और परिस्थितियों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

यह भी पढ़ें:

IPL 2026: Orange Cap की रेस में कौन है सबसे आगे, सिर्फ एक ने छुआ है 200 का आंकड़ा

कौन है संजू सैमसन का लकी चार्म? शतक ठोकने के बाद बल्लेबाज ने किया खुलासा, कहा- हर मैच में आया करो

Latest Cricket News