1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अमेरिका-कनाडा पर बैन बरकरार, फ्रांस पर भी गिरी गाज; मॉरीशस को मिली ICC की सदस्यता

अमेरिका-कनाडा पर बैन बरकरार, फ्रांस पर भी गिरी गाज; मॉरीशस को मिली ICC की सदस्यता

अमेरिका और कनाडा के क्रिकेट बोर्ड की समस्याओं पर काफी देर तक बातचीत हुई। लेकिन आखिर में आईसीसी के अधिकारियों ने तय किया कि अभी जैसी स्थिति है, उसे वैसा ही रखा जाए और फिलहाल उनके बैन को न हटाया जाए।

Canada Cricket team- India TV Hindi
Image Source : AP कनाडा क्रिकेट टीम

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने एडिनबर्ग में हुई सालाना बैठक में कुछ बड़े फैसले लिए गए हैं। इस बैठक में तय किया गया है कि यूएसए क्रिकेट (USAC) और क्रिकेट कनाडा (CC) का सस्पेंशन अभी जारी रहेगा। इसके साथ ही फ्रांस क्रिकेट को भी नोटिस दी गई है। इस मीटिंग में आईसीसी ने मॉरीशस क्रिकेट फेडरेशन (MCF) को अपने नए एसोसिएट मेंबर के रूप में शामिल किया है। मॉरीशस के जुड़ने के बाद अब आईसीसी में कुल 111 सदस्य देश हो गए हैं। इनमें से 12 देशों को पूर्ण सदस्यता मिली हुई है, जबकि बाकी 99 एसोसिएट टीमें शामिल हैं।

अमेरिका और कनाडा के क्रिकेट बोर्ड को लेकर ICC ने की लंबी चर्चा

आईसीसी ने मीटिंग में अमेरिका और कनाडा के क्रिकेट बोर्डों पर लंबी चर्चा की, लेकिन आखिर में स्थिति को जैसा का तैसा रखने का फैसला किया है यानी कि उन्होंने बैन नहीं हटाया है। हालांकि, साल 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स (LA28) ओलंपिक को देखते हुए अमेरिका का निलंबन हटाना जरूरी माना जा रहा है, लेकिन फिलहाल इस फैसले को टाल दिया गया है। अमेरिका सितंबर 2025 से निलंबित है। दूसरी ओर कनाडा को इसी साल जून में निलंबित किया गया था। उन्हें अपने अंदर के मुद्दों को सुलझाना होगा। ऐसी भी चर्चा है कि अमेरिका की 'मेजर लीग क्रिकेट' (MLC) में कनाडा की एक टीम को शामिल किया जा सकता है।

वनडे मैचों के ओवरों में नहीं होगी कटौती

ICC की इस मीटिंग में कुछ और जरूरी बातों पर भी चर्चा हुई। जैसे, बीच में ऐसी खबरें आ रही थीं कि वनडे मैचों को 50 ओवर से घटाकर 40 ओवर का कर दिया जाएगा, लेकिन आईसीसी ने साफ कह दिया कि ऐसा कुछ नहीं होने वाला है। साथ ही, टेस्ट चैंपियनशिप को भी अभी बड़ा करने का कोई प्लान नहीं है, यानी इसमें अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और आयरलैंड जैसी टीमों को अभी शामिल नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, मीटिंग में इस बात पर भी बातचीत हुई कि आने वाले समय में क्रिकेट को और बेहतर कैसे बनाया जाए। अंत में आईसीसी के मीडिया पार्टनर 'जियोस्टार' ने भी मीटिंग में मौजूद सभी लोगों को अपनी एक रिपोर्ट दिखाई।

यह भी पढ़ें:

जिम्बाब्वे और इंग्लैंड सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड में हुआ बदलाव, हर्षित और वरुण हुए बाहर

रोहित शर्मा ने इंग्लैंड सीरीज के लिए शुरू की तैयारी, नेट्स में जमकर बहा रहे हैं पसीना

Latest Cricket News