Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट को क्या अगला सुपरस्टार मिल चुका है? इस सवाल का जवाब मिलने में अभी थोड़ा इंतजार है, लेकिन इस बीच सिर्फ 15 साल की उम्र में धमाकेदार बल्लेबाजी से दुनिया का ध्यान खींचने वाले वैभव सूर्यवंशी को लेकर अब एक बहुत बड़ी भविष्यवाणी सामने आई है। पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री का मानना है कि यह युवा बल्लेबाज अगले महीने ही टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकता है। ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले वैभव सूर्यवंशी इस समय IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए लगातार धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस विस्फोटक ओपनर ने इस सीजन 11 पारियों में 440 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 236.56 का रहा है। सबसे खास बात यह है कि वह अब तक 40 छक्के जड़ चुके हैं, जो इस सीजन किसी भी बल्लेबाज से ज्यादा हैं।
रवि शास्त्री का बड़ा बयान
पिछले महीने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में शतक ठोककर सनसनी मचा दी थी। इसके अलावा उनके नाम दो और अर्धशतक भी हैं। वैभव की इस बल्लेबाजी से प्रभावित होकर रवि शास्त्री ने सिलेक्टर्स को उन्हें जल्द से जल्द भारतीय टीम में मौका देने की सलाह दी है। शास्त्री ने द ICC रिव्यू के ताजा एपिसोड में होस्ट संजना गणेशन से बातचीत में कहा कि टीम के दरवाजे लगभग खुल चुके होंगे। मैं आपको यह बात पूरे यकीन के साथ कह सकता हूं, क्योंकि अगर आप किसी युवा खिलाड़ी को जल्द से जल्द टीम में शामिल करके उसे बढ़ावा देना चाहते हैं, तो T20 फॉर्मेट इसके लिए सबसे सही है और इस मामले में वह खिलाड़ी किसी भी तरह से पीछे नहीं है। यह लड़का इस समय वर्ल्ड क्रिकेट की कई टीमों में सीधे जगह बना सकता है। जब आप उसकी युवा ऊर्जा देखते हैं, तो वह उसके चेहरे पर साफ दिखाई देती है।
हालांकि, अगला ICC T20 वर्ल्ड कप 2028 में खेला जाना है, लेकिन शास्त्री का मानना है कि जून में होने वाला आयरलैंड दौरा वैभव के डेब्यू के लिए सही मौका हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे।
टीम में जल्द शामिल करने की डिमांड
शास्त्री ने आगे कहा कि बहुत लोग पूछेंगे कि वह 15 साल का है, 16 का है या 14 का? उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता। वह सिर्फ यह देखते हैं कि वैभव इस समय कैसी बल्लेबाजी कर रहा है और किस तरह अपने से दोगुनी या ढाई गुना उम्र के खिलाड़ियों के खिलाफ खेल रहा है। उसे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। इसलिए उन्हें लगता है कि वह सिलेक्टर्स की नजर में पूरी तरह है। और जब आयरलैंड जैसा दौरा सामने है, तो वह उसे तुरंत देखना चाहेंगे। शास्त्री की यह भविष्यवाणी जल्द सच भी हो सकती है, क्योंकि हाल ही में वैभव सूर्यवंशी को पहली बार इंडिया-ए टीम में जगह मिली है। वह जून में श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज के लिए टीम के साथ जाएंगे, जिसमें अफगानिस्तान की टीम भी हिस्सा लेगी। अगर वैभव इस दौरे पर भी शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो टीम इंडिया की कैप उनसे ज्यादा दूर नहीं होगी।
यह भी पढ़ें:
KKR vs GT मैच में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, T20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा
ऑरेंज कैप की रेस में 2 बल्लेबाज 550 के पार, वैभव सूर्यवंशी पर मंडराया टॉप-10 से बाहर होने का खतरा
Latest Cricket News