KKR vs GT: IPL 2026 में 16 मई की रात कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ऐसा धमाका हुआ, जिसने T20 क्रिकेट के पुराने इतिहास को ही बदल दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले में एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना, जो इससे पहले T20 क्रिकेट में कभी देखने को नहीं मिला था।
पहली बार हुआ ऐसा
दरअसल, IPL 2026 के 60वें मुकाबले में दोनों टीमों की ओर से 3-3 बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया। इस तरह पहली बार किसी T20 मैच में 6 बल्लेबाजों ने 50+ स्कोर बनाने का बड़ा कारनामा किया। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस मुकाबले में 29 रन से जीत दर्ज करते हुए गुजरात टाइटंस की लगातार पांच मैचों की जीत की लय तोड़ दी। साथ ही प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को भी जिंदा रखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए विस्फोटक ओपनर फिन एलन ने सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली। इसके बाद युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने नाबाद 82 रन बनाए, जबकि कैमरन ग्रीन 52 रन बनाकर नाबाद लौटे।
साई सुदर्शन ने जड़ा नाबाद अर्धशतक
248 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने भी जोरदार जवाब दिया। कप्तान शुभमन गिल ने 49 गेंदों में 85 रन की शानदार पारी खेली। वहीं जोस बटलर ने 57 रन बनाए और साई सुदर्शन 53 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 218 रन ही बना सकी। इस मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत यही रही कि दोनों टीमों के कुल 6 बल्लेबाजों ने अर्धशतक जमाए, जो T20 क्रिकेट के इतिहास में पहले कभी देखने को नहीं मिला था। इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सुनील नरेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट लिए। वहीं सौरभ दुबे को भी एक सफलता मिली। गुजरात के लिए आर साई किशोर और मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट हासिल किया, लेकिन KKR के बल्लेबाजों के तूफान के आगे गुजरात की गेंदबाजी फीकी पड़ गई।
गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स के अब लीग स्टेज में 2 मुकाबले बचे हैं। टीम 20 मई को मुंबई इंडियंस और 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी। वहीं, गुजरात टाइटंस की टीम 1 मई को 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना आखिरी लीग स्टेज मैच खेलने उतरेगी।
यह भी पढ़ें:
KKR ने IPL में पूरी की स्पेशल सेंचुरी, RCB के बाद ये मुकाम हासिल करने वाली बनी सिर्फ दूसरी टीम